रिया कपूर की टीम को लगा 1.35 करोड़ रुपये का झटका, न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान चोरी हुए कीमती हीरे

Rhea Kapoor Theft: रिया कपूर की टीम को उस समय झटका लगा जब मेट गाला के लिए न्यूयॉर्क ले जाए जा रहे 1.35 करोड़ रुपये के कीमती इयररिंग्स चोरी हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Rhea Kapoor Diamond Emerald Earrings Theft Met Gala 2026 Sahar Police Station
रिया कपूर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rhea Kapoor Jewellery Theft: बॉलीवुड फिल्म निर्माता रिया कपूर की टीम को उस समय बड़ा झटका लगा जब उनकी स्टाइलिंग और मेकअप टीम के पास रखे करोड़ों रुपये के कीमती गहने रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। मामले में मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए गहनों की कुल कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 41 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह पिछले सात वर्षों से रिया कपूर के साथ काम कर रही हैं। अप्रैल 2026 में रिया कपूर को फैशन इवेंट मेटा गाला में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। इस यात्रा के लिए उनकी पूरी टीम न्यूयॉर्क रवाना हुई थी। रिया कपूर के लिए मुंबई के ज्वेलर्स से किराए पर लिए गए दो जोड़ी बेहद महंगे इयररिंग्स सवलीन सिंह की जिम्मेदारी में थे। उन्होंने इन गहनों को सुरक्षित रूप से अपने हैंडबैग में रखा था।

मुंबई से न्यूयॉर्क तक की यात्रा में हुआ रहस्य

शिकायत के मुताबिक, रिया कपूर की टीम 27 अप्रैल 2026 को मुंबई से दुबई होते हुए एमिरेट्स की फ्लाइट से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुई। अगले दिन टीम न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची और वहां से होटल चली गई। होटल पहुंचने के बाद जब सवलीन सिंह ने इयररिंग्स के बॉक्स निकाले और उन्हें टीम के अन्य सदस्य को सौंपने के लिए खोला, तब पता चला कि दोनों बॉक्स खाली हैं। गहनों के गायब होने से पूरी टीम हैरान रह गई।

कौन-कौन से गहने हुए चोरी

चोरी हुए गहनों में एक जोड़ी एमराल्ड और डायमंड जड़े सोने के इयररिंग्स शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग 66 लाख रुपये बताई गई है। दूसरी जोड़ी जाम्बियन एमराल्ड और सोने की बॉर्डर वाले विशेष इयररिंग्स थे, जिनकी कीमत करीब 69 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों गहनों की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपये बताई जा रही है, जिससे यह मामला काफी गंभीर बन गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सहार पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि चोरी मुंबई एयरपोर्ट, दुबई ट्रांजिट, फ्लाइट के दौरान या न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद किसी अन्य स्थान पर हुई। पुलिस अब यात्रा के दौरान इस्तेमाल किए गए सामान, सुरक्षा फुटेज और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। करोड़ों रुपये के इन कीमती गहनों की चोरी ने फैशन और फिल्म इंडस्ट्री में भी हलचल मचा दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com