लंबे संघर्ष के बाद रिया चक्रवर्ती की दमदार वापसी, एक्टिंग से फिर OTT पर मचाएंगी तहलका

Rhea Chakraborty Comeback: सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद लंबे संघर्ष से गुजरीं रिया चक्रवर्ती आखिरकार एक्टिंग में वापसी के लिए तैयार हैं। नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ से वह OTT पर कमबैक करेंगी।
Rhea Chakraborty acting return after struggle
रिया चक्रवर्ती (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rhea Chakraborty Acting Return After Struggle: बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती लंबे वक्त से एक्टिंग की दुनिया से दूर थीं। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया। बीते कुछ साल उनके लिए बेहद मुश्किल रहे, जहां उन्हें कानूनी परेशानियों से लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचनाओं और नफरत का सामना करना पड़ा। इस दौर में रिया न सिर्फ मानसिक दबाव से गुजरीं, बल्कि उन्हें जेल तक जाना पड़ा, जिसने उनके करियर को लगभग ठहराव पर ला दिया।

हालांकि, इतनी मुश्किलों के बावजूद रिया ने खुद को टूटने नहीं दिया। उन्होंने खुद को दोबारा खड़ा किया और एक नया रास्ता चुना। एक्टिंग से दूरी के दौरान रिया ने अपना क्लोदिंग ब्रांड शुरू किया और यूट्यूब पर पॉडकास्ट लॉन्च किया, जहां उन्होंने खुलकर अपने सबसे बुरे दौर, मानसिक स्वास्थ्य और संघर्षों पर बात की। इसके साथ ही उन्होंने ‘रोडीज’ जैसे बड़े रियलिटी शो में हिस्सा लेकर खुद को फिर से लोगों के सामने पेश किया।

लंबे संघर्ष के बाद एक्टिंग में वापस लौटेंगी रिया

अब करीब 6 साल के लंबे संघर्ष के बाद रिया चक्रवर्ती के लिए एक्टिंग की दुनिया के दरवाजे एक बार फिर खुल गए हैं। वह जल्द ही नेटफ्लिक्स की अपकमिंग वेब सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ के जरिए दमदार वापसी करने जा रही हैं। इस सीरीज की घोषणा हाल ही में नेटफ्लिक्स ने आधिकारिक तौर पर की है। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट में रिया अनिल कपूर और विजय वर्मा जैसे मंझे हुए कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। माना जा रहा है कि इस सीरीज का प्रीमियर इसी साल के अंत तक OTT प्लेटफॉर्म पर होगा।

रिया ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘फैमिली बिजनेस’ का टीजर शेयर करते हुए लिखा कि जब नया खून पुराने पैसे से टकराता है, तो ताकत की लड़ाई शुरू हो जाती है और परिवार व बिजनेस की सीमाएं धुंधली पड़ने लगती हैं। इस पोस्ट के बाद फैंस के बीच उत्साह साफ नजर आया।

सोशल मीडिया पर फैंस ने लुटाया प्यार

सोशल मीडिया पर रिया की वापसी को लेकर फैंस ने जमकर प्यार लुटाया। कई यूजर्स ने उनकी जर्नी को साहसिक बताया, तो कई ने कहा कि रिया ने देर से ही सही, लेकिन मजबूती के साथ वापसी की है। कुछ फैंस ने तो यह भी लिखा कि वह सम्मान ही नहीं, बल्कि लोगों से माफी की हकदार हैं।

अगर रिया चक्रवर्ती के करियर की बात करें, तो उन्होंने साल 2012 में तेलुगु फिल्म ‘तुनीगा-तुनीगा’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘मेरे डैड की मारूति’, ‘सोनाली केबल’, ‘दोबारा’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। उनकी आखिरी फिल्म साल 2021 में रिलीज हुई ‘चेहरे’ थी। अब ‘फैमिली बिजनेस’ से रिया का यह कमबैक उनके करियर के लिए एक नई शुरुआत साबित हो सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com