

Major Shaitan Singh Bhati And 120 Bahadur: अभिनेता फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) और राशि खन्ना (Raashii Khanna) स्टारर आगामी वॉर-ड्रामा फिल्म '120 बहादुर' अपनी रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार है। यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान हुई रेजांग ला की ऐतिहासिक लड़ाई की शौर्यगाथा पर आधारित है। आज यानी 18 नवंबर को इस अविस्मरणीय जंग की 63वीं वर्षगांठ है, और यह कहानी है भारत के उन वीर जवानों की, जिन्होंने अपनी जान पर खेलकर देश के लिए असाधारण वीरता का परिचय दिया था।
फिल्म '120 बहादुर' 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जिसके कुछ पेड प्रीव्यू शो आज भी हुए। यह वॉर-ड्रामा लद्दाख के रेजांग ला में भारत के मात्र 120 सैनिकों द्वारा 5 हजार से अधिक चीनी सैनिकों का डटकर सामना करने की कहानी है। यह कहानी उन वीर जवानों की है, जिन्होंने अपनी जान पर खेलकर उनसे बराबरी पर जंग लड़ी और चीनी सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
फरहान अख्तर और राशी खन्ना स्टारर यह फिल्म मेजर शैतान सिंह भाटी और उनकी 13 कुमाऊं रेजीमेंट की टुकड़ी की अद्वितीय वीरता को दर्शाती है। यह घटना 18 नवंबर 1962 की है, जब मेजर शैतान सिंह भाटी के नेतृत्व में भारतीय सैनिकों ने भारी बाधाओं के बावजूद, जमा देने वाली ठंड और सीमित संसाधनों में भी अपनी जान की परवाह न करते हुए मोर्चा संभाला।
इन 120 सैनिकों ने 5 हजार से अधिक चीनी सैनिकों का डटकर सामना किया। जब उनके पास गोला-बारूद खत्म हो गए थे, तब भी उन्होंने हार नहीं मानी और चीनी मशीनगनों का मुकाबला अपने जोश और मजबूत इरादों से किया। एक-एक भारतीय जवान ने दस-दस चीनियों को मार गिराया। भारतीय पक्ष का कहना था कि 1300 चीनी सैनिक मारे गए थे, जबकि चीन ने अपने 500 सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकार की थी, जो 1962 के युद्ध में चीनी को सबसे बड़ी क्षति थी।
मेजर शैतान सिंह भाटी राजस्थान के रहने वाले थे और उनके साथ जो रेजीमेंट थी, उनमें से अधिकांश लोग राजस्थान और हरियाणा के थे। हैरानी की बात यह है कि उन्हें बर्फ में लड़ाई का कोई अनुभव नहीं था। इस रेजीमेंट में अधिकांश सैनिक अहीर जाति के थे, जिन्हें आज के समय में यादव के तौर पर ज्यादा जाना जाता है। इस ऐतिहासिक युद्ध में रेजीमेंट के 120 में से 114 सैनिक शहीद हो गए थे।
रजनीश घई द्वारा निर्देशित '120 बहादुर' में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी का रोल निभा रहे हैं। वहीं, राशि खन्ना शैतान सिंह की पत्नी शगुन कंवर के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म के गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, और दर्शक इस महान शौर्यगाथा को बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।