सुना पड़ा सिनेमा का आंगन, धर्मेंद्र के निधन पर रवि किशन समेत भोजपुरी सितारों ने दी श्रद्धांजलि

Bhojpuri Stars Tribute Dharmendra: धर्मेंद्र के निधन पर भोजपुरी सितारों ने श्रद्धांजलि दी। पवन सिंह ने 'रोशन उजाला' बताया, खेसारी ने लिखा 'सिनेमा के आंगन सूना पड़ गइल'। रवि किशन ने उन्हें याद किया।
सुना पड़ा सिनेमा का आंगन, धर्मेंद्र के निधन पर रवि किशन समेत भोजपुरी सितारों ने दी श्रद्धांजलि
धर्मेंद्र के निधन पर भोजपुरी इंडस्ट्री में शोक, रवि किशन ने याद किया- 'वे मुझे 'बीबा मुंडा' कहकर पुकारते थे'
Published on: 
Updated on: 

Ravi Kishan and Pawan On Dharmendra Death: बॉलीवुड के 'ही-मैन' धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। सोमवार की सुबह जुहू स्थित अपने घर पर उन्होंने अंतिम साँस ली। लंबे समय से बीमार चल रहे दिग्गज अभिनेता को हाल ही में 12 नवंबर को ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। सोमवार सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन से पूरा देश और फिल्म इंडस्ट्री गहरे सदमे में है।

धर्मेंद्र को भोजपुरी इंडस्ट्री के सितारों ने भी भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार्स ने उन्हें एक महान कलाकार और सरल इंसान बताते हुए अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं।

पवन सिंह: 'रोशन उजाला चला गया हो'

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने फेसबुक पर धर्मेंद्र के साथ अपनी एक फोटो साझा की और अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने लिखा:

"धर्मेंद्र जी के जाने की खबर ने दिल को भीतर तक तोड़ दिया है। ऐसा लगता है मानो पर्दे से नहीं, जिंदगी से ही एक रोशन उजाला चला गया हो। मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे उनके साथ काम करने का अवसर मिला—सेट पर उनकी ममता, सरलता और इंसानियत आज भी याद करके आँखें नम हो जाती हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को परम शांति मिले।"

खेसारी लाल यादव: 'सिनेमा के आंगन सूना पड़ गइल'

भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने अपने क्षेत्रीय अंदाज में दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा: "आज से सिनेमा के आंगन सूना पड़ गइल... धर्मेंद्र जी के जगह केहू ले ना पाई। सहृदय श्रद्धांजलि... ओम शांति।"

रवि किशन ने याद किया 'बीबा मुंडा' कहकर पुकारना

भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने फेसबुक पर धर्मेंद्र के साथ अपनी एक यादगार और स्नेहपूर्ण फोटो साझा की। उन्होंने लिखा:

"वरिष्ठ अभिनेता धर्मेंद्र जी, जिन्हें पूरे देश ने स्नेह से 'ही-मैन' और 'धरम पाजी' के रूप में अपने दिल में बसाया, आज 89 वर्ष की आयु में स्वर्गवासी हो गए। भारतीय सिनेमा के इस महान स्तंभ का जाना फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।"

रवि किशन ने आगे बताया कि उनका जाना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी दुखद है, क्योंकि "वे मुझे परिवार की तरह मानते थे और प्यार से 'बीबा मुंडा' कहकर पुकारते थे। उनकी यादें, उनका स्नेह और उनका व्यक्तित्व हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।"

निरहुआ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

भोजपुरी अभिनेता और सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने धर्मेंद्र की ब्लैक एंड व्हाइट फोटो पोस्ट करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ''अलविदा बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र जी। भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। यह पूरे बॉलीवुड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। भावभीनी श्रद्धांजलि।''

Navbharat Live
navbharatlive.com