

Ravi Kishan Upcoming Movie: भोजपुरी सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाने वाले अभिनेता रवि किशन इन दिनों हिंदी सिनेमा में भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में रिलीज हुई ‘मिर्जापुर द फिल्म’ में उनके अभिनय को दर्शकों की ओर से पसंद किया गया। इसके अलावा अपने बेबाक बयानों की वजह से भी वह सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरते रहे हैं। अब रवि किशन के फैंस के लिए उनकी नई फिल्म से जुड़ी एक खास खबर सामने आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रवि किशन ने एक नई स्प्रिचुअल फिल्म साइन की है, जिसमें वह मुख्य भूमिका निभाएंगे। बताया जा रहा है कि फिल्म का आधिकारिक ऐलान जल्द किया जाएगा। मेकर्स का मानना है कि इस किरदार के लिए रवि किशन की पर्सनैलिटी और अभिनय क्षमता बिल्कुल फिट बैठती है। फिल्म से जुड़े एक सोर्स के अनुसार, यह उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल होगी, जिसमें रवि किशन पूरी कहानी को अपने कंधों पर लेकर आगे बढ़ाएंगे।
रवि किशन की इस फिल्म को महावीर जैन फिल्म्स प्रोड्यूस करेगा। खास बात यह है कि अभिनेता पहले से ही इसी प्रोडक्शन हाउस की फिल्म ‘नागजिला’ का हिस्सा हैं, जिसमें कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा महावीर जैन फिल्म्स ने हाल ही में ‘रामबोला’ का भी ऐलान किया है, जिसका निर्देशन ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी करेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, रवि किशन की इस स्प्रिचुअल फिल्म की शूटिंग जनवरी 2027 में शुरू हो सकती है। फिलहाल फिल्म का टाइटल तय नहीं हुआ है और मेकर्स जल्द ही नाम को लॉक कर सकते हैं। फिल्म का निर्देशन अमित आर्यन करेंगे, जिन्होंने इसकी कहानी भी लिखी है।
फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमेगी, जो ईश्वर को सिर्फ भगवान नहीं, बल्कि अपना सबसे करीबी दोस्त मानता है। कहानी में ईश्वर और उस व्यक्ति के रिश्ते के अलग और खूबसूरत पहलुओं को मनोरंजन के साथ दिखाया जाएगा। फिल्म को फैमिली एंटरटेनर के रूप में तैयार किया जा रहा है, ताकि इसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके।