मुंबई: रति अग्निहोत्री ने अनिल विरवानी से 1985 में शादी की थी और शादी के बाद उन्होंने बॉलीवुड को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। शादी के 30 साल बाद 2015 में रति अग्निहोत्री ने पति से अलग होने का ऐलान किया। इसके बाद मीडिया में अनिल विरवानी के रति अग्निहोत्री पर किए गए जुल्मों की कहानी सामने आई। हालांकि रति अग्निहोत्री अब अपने पति के साथ ही रह रही हैं। हाल ही में उनके बेटे तनुज विरवानी ने अपने माता-पिता के रिश्ते, उनके तलाक और उनके पैचअप की कहानी पर बात की थी।
पारस छाबड़ा के साथ पॉडकास्ट में बात करते हुए तनुज विरवानी ने बताया कि साल 2015 के आसपास उनकी मां पिता के साथ मतभेद को लेकर अलग हो गई थी। लेकिन बाद में माता-पिता को जब उन्होंने समझाया की शादी के 30 साल बाद एक दूसरे से अलग होना सही नहीं है, क्योंकि इस बीच में उनका बेटा भी है। तनुज विरवानी ने बताया कि उन्होंने दोनों जन को दोस्त की तरह समझाया और वह एक बार फिर अपने माता-पिता को करीब लाने में कामयाब रहे। तनुज विरवानी ने इंटरव्यू के दौरान यह भी बताया कि उनके माता-पिता के सेपरेशन को मीडिया में काफी बड़ा चढ़ा कर बताया गया था।
ये भी पढ़ें- मंडे टेस्ट में कैसा रहा अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 का हाल, जानिए भारत में फिल्म का पांचवे दिन का कलेक्शन
रति अग्निहोत्री का जन्म 10 दिसंबर 1960 को एक पंजाबी परिवार में हुआ था। रति अग्निहोत्री ने 10 साल की उम्र से मॉडलिंग का काम शुरू कर दिया था। रति अग्निहोत्री जब 16 साल की हुई तब उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। वह पहली बार तमिल फिल्म ‘पुथिया वारपुगल’ में नजर आई थी। इसके बाद साल 1981 में कमल हासन के साथ आई उनकी फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ ने बॉलीवुड में उनकी जबरदस्त पहचान बना दी और फिर रति अग्निहोत्री ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा, वह एक के बाद एक लगातार हिट फिल्में देती चली गई। साल 1985 में जब उनका करियर पीक पर था तब उन्होंने अनिल विरवानी से शादी कर ली थी।