जॉन अब्राहम संग डेब्यू के बाद भी नहीं मिली पहचान, साउथ सिनेमा ने बदली राशि खन्ना की किस्मत

Rashi Khanna Birthday: राशि खन्ना का जन्म 30 नवंबर 1990 को हुआ। 2013 में मद्रास कैफे से बॉलीवुड डेब्यू के बावजूद उन्हें शुरुआत में खास पहचान नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने साउथ सिनेमा का रुख किया।
Despite her debut with John Abraham, Rashi Khanna remained unrecognized
राशि खन्ना (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rashi Khanna Birthday Special Story: राशि खन्ना का जन्म 30 नवंबर 1990 को दिल्ली में हुआ। राशि खन्ना आज अपना 35वां जन्मदिन मनाने जा रही हैं। इंडस्ट्री में उन्हें आज अपनी मजबूत पहचान के लिए जाना जाता है, लेकिन उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं था। जॉन अब्राहम के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने के बावजूद उन्हें शुरुआत में खास पहचान नहीं मिली। हालांकि बाद में उन्होंने साउथ सिनेमा की ओर रुख किया और वहीं से उनकी किस्मत चमक उठी।

राशि ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2013 में आई जॉन अब्राहम और नरगिस फाखरी स्टारर फिल्म ‘मद्रास कैफे’ से की थी। इस फिल्म में उनका रोल छोटा था और दर्शकों ने उन्हें नोटिस तो किया, लेकिन यह भूमिका उन्हें बॉलीवुड में स्थापित करने के लिए काफी नहीं थी। इसके बाद उन्होंने नए अवसरों की तलाश शुरू की और साउथ फिल्मों में काम करने का फैसला लिया।

राशि खन्ना के करियर का टर्निंग पॉइंट

तेलुगु फिल्म ‘ऊहालु गुसागुसलाडे’ राशि के करियर का टर्निंग पॉइंट बनी। इस फिल्म ने न सिर्फ उन्हें अलग पहचान दिलाई बल्कि साउथ सिनेमा में उनकी शुरुआत को बेहद मजबूत बना दिया। इसके बाद राशि खन्ना ने एक के बाद एक हिट तेलुगु फिल्मों—जोरू, जिल, शिवम, बंगाल टाइगर और सुप्रीम में काम किया। इन फिल्मों ने उन्हें साउथ की पॉपुलर एक्ट्रेस के रूप में स्थापित कर दिया। इसके अलावा उन्होंने तमिल और मलयालम सिनेमा में भी अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाया।

राशि खन्ना की फिल्में

हिंदी सिनेमा में दोबारा वापसी राशि ने 2022 और 2023 में की। हालांकि उनकी फिल्म ‘योद्धा’ खास नहीं चली, लेकिन ओटीटी पर रिलीज हुई ‘फर्जी’ वेब सीरीज ने उन्हें जबरदस्त पहचान दिलाई। शाहिद कपूर और विजय सेतुपति के साथ उनकी एक्टिंग को काफी सराहा गया और एक बार फिर हिंदी दर्शकों ने उन्हें नोटिस किया।

राशि खन्ना का करियर

साल 2024 में राशि ‘साबरमती एक्सप्रेस’ में नजर आईं, और हाल ही में रिलीज हुई फरहान अख्तर प्रोडक्शन की फिल्म ‘120 बहादुर’ में उन्होंने अपनी दमदार अभिनय क्षमता से एक बार फिर दिखा दिया कि वह किसी भी रोल में जान डाल सकती हैं। फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस और स्क्रीन प्रेजेंस की खूब तारीफ हो रही है। 35 साल की उम्र में राशि खन्ना ने साबित कर दिया है कि मेहनत, धैर्य और टैलेंट आपको किसी भी मुकाम तक पहुंचा सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com