

Ranveer Singh Upcoming Movie: हिंदी सिनेमा में अपनी एनर्जी और अलग तरह की भूमिकाओं से दर्शकों को आकर्षित करने वाले एक्टर रणवीर सिंह एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने की तैयारी में हैं। अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की सफलता के बाद रणवीर सिंह ने अपनी नई और महत्वाकांक्षी फिल्म प्रलय पर काम करना शुरू कर दिया है।
हंसल मेहता के बेटे जय मेहता के डायरेक्शन में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा में एक नए तरह का सिनेमाई अनुभव लाने का दावा करती है। मुंबई की रियल लोकेशनों पर इसकी शूटिंग शुरू होते ही सिनेमा प्रेमियों के बीच उत्साह की एक नई लहर दौड़ गई है।
फिल्म निर्माताओं ने इस बड़े बजट के प्रोजेक्ट की शुरुआत मुंबई की रियल जगहों पर की है। शहर की हलचल और वास्तविक माहौल के बीच फिल्म की शूटिंग की जा रही है, ताकि पर्दे पर दुनिया के खत्म होने और जीवन की जद्दोजहद की कहानी को बेहद प्रामाणिक रूप से पेश किया जा सके।
शूटिंग का यह पहला दौर दिवाली के आसपास तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। मेकर्स का उद्देश्य रियल लोकेशंस का यूज करके दर्शकों को कहानी से गहराई से जोड़ना है।
इस एक्शन सर्वाइवल थ्रिलर में रणवीर सिंह के साथ साउथ सिनेमा का जाना-पहचाना नाम कल्याणी प्रियदर्शन मुख्य किरदार में नजर आएंगी।
ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जादू चला चुकीं कल्याणी इस फिल्म के माध्यम से हिंदी सिनेमा जगत में कदम रखने जा रही हैं। पर्दे पर रणवीर सिंह और कल्याणी प्रियदर्शन की यह बिल्कुल नई और अनोखी जोड़ी दर्शकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र मानी जा रही है।
फिल्म प्रलय एक पोस्ट-एपोकैलिप्टिक सर्वाइवल थ्रिलर है, जो आपदा और विनाश के बीच इंसान के अस्तित्व की जंग को दर्शाती है। जब दुनिया चरमराने लगती है और जिंदगी पर संकट के बादल मंडराने लगते हैं, तब अपने सिद्धांतों और अपनों के लिए इंसान की हिम्मत और संघर्ष की क्या सीमा होती है, यही इस फिल्म का मूल सार है। भारतीय सिनेमा की हिस्ट्री में इस स्तर और पैमाने पर ऐसी अवधारणा को पहले कभी प्रदर्शित नहीं किया गया है।
जय मेहता के डायरेक्शन में बन रही भव्य फिल्म प्रलय का निर्माण अनन्या बिड़ला, हंसल मेहता, साहिल सहगल और खुद रणवीर सिंह मिलकर कर रहे हैं। रणवीर सिंह एक्टिंग के साथ-साथ इस प्रोजेक्ट में बतौर निर्माता भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। फिल्म में विजुअल इफेक्ट्स और तकनीक का बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे यह दर्शकों के लिए एक अविस्मरणीय और सिनेमाई अनुभव बन सके।