ईद वीकेंड होगा सुपरहिट! आमने-सामने टकराएंगी Dhurandhar 2 और Toxic, हुमा कुरैशी ने क्लैश पर कह दी बड़ी बात

Dhurandhar 2 vs Toxic Clash: ईद वीकेंड पर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘टॉक्सिक’ आमने-सामने होंगी। हुमा कुरैशी ने इस बड़े बॉक्स ऑफिस क्लैश को इंडस्ट्री और दर्शकों के लिए विन-विन बताया।
Huma Qureshi On Toxic and Dhurandhar clash
धुरंधर: द रिवेंज और टॉक्सिक मूवी पर हुमा कुरैशी का रिएक्शन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Huma Qureshi Reaction On Toxic and Dhurandhar Clash: ईद के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर इस बार जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। एक तरफ धुरंधर: द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, तो दूसरी ओर साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक भी उसी वीकेंड रिलीज के लिए तैयार है। दोनों फिल्मों को लेकर जबरदस्त क्रेज बना हुआ है और ट्रेड पंडित इसे साल 2026 का सबसे बड़ा क्लैश मान रहे हैं।

हुमा कुरैशी ने बताया ‘विन-विन’ सिचुएशन

‘टॉक्सिक’ का हिस्सा रहीं एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने इस टकराव पर पॉजिटिव रिएक्शन दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह इस क्लैश को इंडस्ट्री और दर्शकों दोनों के लिए फायदे का सौदा मानती हैं। हुमा के मुताबिक, जब दो बड़ी फिल्में एक साथ रिलीज होती हैं तो दर्शकों को बेहतर कंटेंट चुनने का मौका मिलता है। उन्होंने इसे “विन-विन” स्थिति बताया और कहा कि यह मूवी लवर्स के लिए शानदार समय होने वाला है।

संजय गुप्ता ने भी फिल्म की जताई चिंता

हालांकि हर कोई इस क्लैश को सकारात्मक नजरिए से नहीं देख रहा। फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने कहा कि दो बड़ी फिल्मों की एक साथ रिलीज उनके बिजनेस को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने अपनी फिल्मों ‘काबिल’ और ‘रईस’ के क्लैश का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर वे अलग-अलग रिलीज होतीं तो दोनों को ज्यादा फायदा मिलता। उनका मानना है कि भारत जैसे देश में हर दर्शक एक साथ दो बड़ी फिल्में देखने में सक्षम नहीं होता, इसलिए क्लैश का असर कलेक्शन पर पड़ता है।

‘धुरंधर: द रिवेंज’ की स्टारकास्ट और टीम

फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। इसमें रणवीर सिंह लीड रोल में हैं। उनके साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह 2025 में आई ‘धुरंधर’ का सीधा सीक्वल है, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

‘टॉक्सिक’ की ये है खासियत

‘टॉक्सिक’ को गीतू मोहनदास ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म को कन्नड़ और इंग्लिश में एक साथ शूट किया गया है और इसे कई भारतीय भाषाओं में रिलीज करने की योजना है। यश के अलावा फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा और तारा सुतारिया अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि ईद के इस मेगा क्लैश में दर्शकों का प्यार किस फिल्म के हिस्से आता है और बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म बाजी मारती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com