

मुस्लिम धर्म से होने के बावजूद हर साल छठी मैया का आशीर्वाद लेती हैं रानी चटर्जी
सबीहा शेख से कैसे बनीं रानी चटर्जी? पहली फिल्म से जुड़ा है दिलचस्प किस्सा
मंदिर में शूटिंग के दौरान प्रोड्यूसर ने दिया था रानी चटर्जी नाम
Rani Chatterjee Chhath Puja Story: सोमवार को उषा अर्घ्य के बाद छठ महापर्व का समापन होने जा रहा है। ऐसे में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े एक्टर-एक्ट्रेस को छठ पर्व मनाते हुए देखा जा सकता है। भोजपुरी सिनेमा में ऐसे कई सितारे है, जो हर साल धूमधाम से छठ पूजा करते है।
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में एक ऐसी भी एक्ट्रेस हैं, जो मुस्लिम धर्म से होने के बाद भी हर साल छठी मैय्या का आशीर्वाद लेना नहीं भूलती हैं। हम बात कर रहे हैं रानी चटर्जी की। आइए जानते हैं उनका असली नाम क्या है और सबीहा शेख से वह रानी चटर्जी कैसे बनीं।
भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी का असली नाम सबीहा शेख है। वो मुंबई के मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती है। मीडिया इंटरव्यू में रानी चटर्जी ने बताया था कि वो हर धर्म का सम्मान करती हैं और हर साल छठी मैय्या का आशीर्वाद लेती हैं। रानी चटर्जी कहती है कि मुझे लगता है कि लोगों ने मुझे नमाज पढ़ते हुए शायद ही देखा होगा, लेकिन पूजा-पाठ करते हुए ज्यादा देखा होगा। मैं हमेशा से हर धर्म का सम्मान करती आई हूं। हर साल छठी मैय्या का आशीर्वाद लेती हूं।
इसी बातचीत में रानी ने बताया था कि सोशल मीडिया पर उन्हें अक्सर नाम और धर्म को लेकर ट्रोल किया जाता है। उनके अनुसार, कुछ लोग उनके मुस्लिम होने की जानकारी मिलने पर उन्हें झूठा कहते हैं और हिंदू धर्म का नाम इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हैं। इस पर रानी चटर्जी ने कहा था कि लेकिन रानी नाम अपनाने के बाद भी मैंने कभी हिंदू धर्म का अपमान नहीं किया।
रानी चटर्जी का कहना था कि फिल्मों में काम करने के बाद दुनिया को देखने का उनका नजरिया बदला। एक कलाकार के तौर पर उन्हें अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों को करीब से समझने का मौका मिला। उन्होंने बताया था कि कभी वह फिल्मों में ईसाई महिला का किरदार निभाती हैं, कभी काली माता के मंदिर में तांडव करती हैं और कभी भगवान भोलेनाथ के लिए गाने गाती हैं। उनके अनुसार, हर धर्म को जानना देश की विविधता को समझने जैसा है। उन्हें एक कलाकार के रूप में यह सफर अच्छा लगता है।
रानी चटर्जी ने इंटरव्यू में अपने नाम के पीछे की कहानी भी बताई थी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी पहली भोजपुरी फिल्म की शूटिंग शुरू की, तब वह दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। फिल्म के एक सीन में उन्हें मंदिर में भगवान के चरणों में सिर रखकर अपने पति की जान बचाने की प्रार्थना करनी थी। फिल्म में मनोज तिवारी मुख्य भूमिका में थे। इस वजह से शूटिंग देखने के लिए मंदिर में काफी भीड़ और मीडियाकर्मी मौजूद थे।
रानी के अनुसार, डायरेक्टर को आशंका थी कि अगर मंदिर के पुजारी को पता चला कि वह मुस्लिम हैं, तो शूटिंग में परेशानी हो सकती है। इसलिए उनसे कहा गया कि अगर कोई नाम पूछे तो वह अपना नाम रानी बताएं। फिल्म में उनके किरदार का नाम भी रानी ही था।
रानी ने बताया था कि जब मीडियाकर्मियों ने प्रोड्यूसर से उनका पूरा नाम पूछा, तो वह घबरा गए। पहले से तय था कि उनका असली नाम किसी को नहीं बताना है। ऐसे में प्रोड्यूसर ने जल्दबाजी में रानी के नाम के साथ चटर्जी सरनेम जोड़ दिया।
उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि फिल्म इतनी बड़ी हिट होगी। लेकिन फिल्म रिलीज हुई और सफल रही। इसके बाद सबीहा शेख भोजपुरी सिनेमा में रानी चटर्जी के नाम से पहचानी जाने लगीं। धीरे-धीरे यही नाम उनकी पहचान बन गया।