

Highlights
नमित मल्होत्रा ने पुष्टि की है कि 'रामायण 2' की रिलीज में देरी होगी।
फिल्म का दूसरा भाग अब दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगा।
फिल्म को बेहतरीन बनाने के लिए मेकर्स को एक साल का अतिरिक्त समय चाहिए।
Ranbir Kapoor Film Ramayana 2 Postponed: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म 'रामायण' इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के पहले पार्ट की रिलीज से ठीक पहले इसके दूसरे भाग को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से सोशल मीडिया पर चर्चा थी कि 'रामायण 2' की रिलीज 2027 से आगे बढ़ सकती है। अब फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने खुद इस खबर की पुष्टि कर दी है।
नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म के दूसरे पार्ट को तैयार करने के लिए मेकर्स को एक साल का अतिरिक्त समय चाहिए। ऐसे में अब दर्शकों को 'रामायण 2' के लिए 2028 तक इंतजार करना पड़ सकता है। नमित मल्होत्रा के मुताबिक, मेकर्स फिल्म के दूसरे भाग को लेकर किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं। उनका मानना है कि इतने बड़े स्तर की फिल्म के साथ न्याय करने के लिए पर्याप्त समय देना जरूरी है।
एक मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि दुनियाभर में फिल्म को लेकर काफी उत्साह है। इसलिए वह इसके ग्रैंड फिनाले को बेहतरीन तरीके से पेश करने के लिए अतिरिक्त समय लेना चाहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिस तरह पहले पार्ट को तैयार करने के लिए पर्याप्त समय मिला, उसी तरह दूसरे पार्ट को भी समय दिया जाएगा।
नमित मल्होत्रा ने किया कि 'रामायण 2' को जल्दबाजी में रिलीज करने के बजाय उसकी गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाएगा। इतने बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए एक साल और चाहिए। दूसरे पार्ट की कहानी भी पहले भाग से अलग और खास होगी। मेकर्स चाहते हैं कि फिल्म का फिनाले दर्शकों के सामने शानदार तरीके से आए। पहले दूसरे पार्ट को दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब इस तारीख पर फिल्म सिनेमाघरों में नहीं आएगी।
फिल्म को लेकर एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है। शुरुआत में मेकर्स ने फिल्म रामायण को तीन भागों में बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में इसे दो पार्ट में रिलीज करने का फैसला लिया गया। अब नमित मल्होत्रा ने फिर से तीसरे पार्ट की संभावना पर बात की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस योजना पर दोबारा विचार किया जा सकता है। यह फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि दुनियाभर के दर्शक फिल्म को किस तरह स्वीकार करते हैं। 'रामायण' का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाला है।