नए साल के पहले दिन रजनीकांत का आध्यात्मिक संदेश हुआ वायरल, बोले- सब भगवान पर छोड़ देता हूं

Rajinikanth Spiritual Message: नए साल 2026 पर रजनीकांत ने ‘मुथु’ का वीडियो शेयर कर आध्यात्मिक संदेश दिया, जिसने फैंस का दिल जीत लिया। भगवान में विश्वास और सादगी से भरे इस पोस्ट पर प्रतिक्रियाएं आईं।
rajinikanth new year 2026 post muthu video message
रजनीकांत (सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Rajinikanth New Year Post 2026: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत न सिर्फ अपने दमदार अभिनय, बल्कि अपनी सादगी, आध्यात्मिक सोच और विनम्र स्वभाव के लिए भी जाने जाते हैं। दशकों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रहने के बावजूद उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। हर साल की तरह इस बार भी नए साल के मौके पर रजनीकांत अपने फैंस के बीच नजर आए और उनका एक खास पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

गुरुवार को नए साल 2026 के पहले दिन रजनीकांत ने अपने घर के बाहर इकट्ठा हुए हजारों फैंस को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया और नए साल के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी सुपरहिट फिल्म ‘मुथु’ का एक पुराना वीडियो क्लिप शेयर किया, जिसने फैंस को भावुक कर दिया।

रजनीकांत का वीडियो

इस वीडियो में रजनीकांत एक रथ में बैठे नजर आते हैं और उनके साथ अभिनेत्री मीना दिखाई देती हैं। क्लिप में मीना उनसे पूछती हैं कि हम जो रास्ता ले रहे हैं, क्या वह सही है? इस सवाल के जवाब में रजनीकांत कहते हैं कि कौन जाने? मैं कभी इस बात की चिंता नहीं करता कि कौन सा रास्ता सही है। मैं सबकुछ भगवान पर छोड़ देता हूं। मेरी गाड़ी जिस रास्ते पर चलती है, मैं उसी पर आगे बढ़ जाता हूं और भगवान शिव का नाम जपता हूं। रजनीकांत का यह संवाद आज भी उनकी जीवनशैली और सोच को दर्शाता है।

फैंस का रिएक्शन

वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा कि आप सभी को नया साल 2026 बहुत-बहुत मुबारक हो। भगवान आप सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने रजनीकांत को ‘सुपरस्टार विद ए स्पिरिचुअल माइंड’ कहा, तो कुछ ने उनकी सादगी और ईश्वर में अटूट विश्वास की जमकर तारीफ की।

रजनीकांत का वर्क फ्रंट

वर्क फ्रंट की बात करें तो रजनीकांत इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। ‘जेलर’ का पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुआ था और इसने दुनियाभर में करीब 650 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में इसके सीक्वल से भी दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com