

Rajesh Khanna Songs Story: हिंदी सिनेमा में कई ऐसे सदाबहार गाने हैं, जो दशकों बाद भी लोगों की जुबान पर बने हुए हैं। शादी-ब्याह के मौकों पर बजने वाले गानों की बात करें तो बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना का एक गाना आज भी खास जगह रखता है। करीब 56 साल पहले रिलीज हुआ यह गाना बहनों की शादी के मौके पर आज भी खूब सुनाई देता है। खास बात यह है कि इसे अपनी आवाज देकर महान गायक किशोर कुमार ने अमर कर दिया था।
यहां बात हो रही है गाना ‘मेरी प्यारी बहनिया बनेगी दुल्हनिया’ की, जो साल 1970 में रिलीज हुई राजेश खन्ना की फिल्म ‘सच्चा झूठा’ का हिस्सा था। शादी समारोहों में यह गाना खासतौर पर भाई-बहन के रिश्ते और बहन की विदाई से जुड़े इमोशनल पलों के दौरान सुनाई देता है। इस गाने को किशोर कुमार ने अपनी खास और भावपूर्ण आवाज में गाया था। गाने का संगीत आनंदजी और कल्याणजी की मशहूर जोड़ी ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल इंद्रजीत सिंह तुलसी ने लिखे थे।
‘मेरी प्यारी बहनिया बनेगी दुल्हनिया’ को राजेश खन्ना और अभिनेत्री कुमारी नाज पर फिल्माया गया था। फिल्म में कुमारी नाज ने राजेश खन्ना की बहन का किरदार निभाया था। गाने के जरिए भाई और बहन के बीच के प्यार और इमोशनल रिश्ते को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया। गाने की सरल धुन और भावुक शब्दों ने इसे लोगों के दिलों में खास जगह दिलाई।
फिल्म ‘सच्चा झूठा’ की कहानी भी इस गीत के भाव से जुड़ी हुई है। राजेश खन्ना फिल्म में एक बैंड वादक की भूमिका में नजर आए थे। उनकी बहन की शादी होती है और वह उसके लिए पैसे जुटाने की कोशिश करता है। इसी इमोशनल कहानी के बीच यह गाना भाई के अपनी बहन के प्रति प्यार को सामने लाता है। यही वजह है कि पांच दशक से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद यह गाना बहनों की शादी के मौकों पर अपनी जगह बनाए हुए है। किशोर कुमार की आवाज, राजेश खन्ना की अदाकारी और भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं ने इसे हिंदी सिनेमा के यादगार वेडिंग सॉन्ग्स में शामिल कर दिया है।