राजेश खन्ना की हीरोइन का दर्दनाक अंत, हीरोइन लैला खान मर्डर केस की खौफनाक दास्तान...

Laila Khan Murder Case: फिल्म 'वफा' में राजेश खन्ना के साथ काम कर चुकीं एक्ट्रेस लैला खान और उनके परिवार के 5 लोगों की हत्या की खौफनाक दास्तान ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
Laila Khan Murder Case
लैला खान मर्डर मिस्ट्री (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Rajesh Khanna Actress Laila Khan Murder Case: मनोरंजन की चकाचौंध से भरी मुंबई नगरी में कई बार ऐसी खौफनाक कहानियां सामने आती हैं, जो इंसान की रूह कंपा देती हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला साल 2011 में सामने आया था, जिसने भारतीय क्राइम इंडस्ट्री के इतिहास में एक काला पन्ना जोड़ दिया। सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ फिल्म वफा: ए डेडली लव स्टोरी में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाली फेमस एक्ट्रेस लैला खान अचानक गायब हो गईं।

चौंकाने वाली बात यह थी कि उनके साथ उनका पूरा परिवार भी रातों-रात अचानक लापता हो गया था। खबरों के अनुसार, शुरुआती दौर में इसे महज एक गुमशुदगी का मामला माना जा रहा था, लेकिन जब पुलिस जांच की परतें खुलीं तो एक ऐसा सच सामने आया जिसने पूरे देश को सन्न कर दिया।

एक हंसता खेलता परिवार अचानक कहां गायब हुआ

इस रहस्यमयी घटना की शुरुआत तब हुई जब एक्ट्रेस लैला खान, उनकी मां सेलिना और उनके चार भाई-बहन अचानक दुनिया की नजरों से गायब हो गए। इस पूरे हत्याकांड की जड़ें परिवार के अंदर की कलह और लालच से जुड़ी हुई थीं। लैला खान की मां सेलिना ने परवेज टाक नाम के शख्स से तीसरी शादी की थी, जो मुंबई के ओशिवारा इलाके में रहता था।

लेकिन इस परिवार में तब दरार आने लगी जब परवेज टाक को लैला के एक्टिंग करियर से परेशानी होने लगी। जब पारिवारिक संपत्ति को लेकर झगड़ा बढ़ा और टाक ने लैला को काम के सिलसिले में दुबई भेजने का दबाव बनाया, तो रिश्तों की कड़वाहट दुश्मनी में बदल गई। लैला के साफ मना करने के बाद टाक के सिर पर खून सवार हो गया और उसने पूरे परिवार को खत्म करने का प्लान तैयार किया।

फार्महाउस के नीचे दफन था खौफनाक सच

परवेज टाक ने अपनी इस साजिश को अंजाम देने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया। परवेज ने नासिक के पास इगतपुरी में स्थित परिवार के ही एक फार्महाउस पर छुट्टियां बिताने के लिए सबको मना लिया। जब सब गहरी नींद में थे, तब टाक और उसके चौकीदार साथी ने लोहे की रॉड और चाकुओं से पूरे परिवार पर हमला बोल दिया।

इस खूनी खेल के बीच एक्ट्रेस लैला के भाई इमरान ने अपनी मां और बहनों को बचाने की आखिरी कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रहा। हत्या करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्यारों ने परिवार की एक गाड़ी को जम्मू ले जाकर लावारिस छोड़ दिया ताकि सबको लगे कि परिवार देश छोड़कर भाग गया है।

जमीन के नीचे दफन था सबसे खौफनाक सच

लाशों को ठिकाने लगाने के लिए फार्महाउस के स्विमिंग पूल के लिए खुदे गड्ढे को कब्र में बदल दिया गया। टाक और उसके साथी ने पहली 3 लाशों को गड्ढे के सबसे नीचे रखा और उन्हें गद्दों से ढक दिया, जिसके ठीक ऊपर बाकी बचे 3 शवों को रखकर मिट्टी से समतल कर दिया। जब काफी दिनों तक परिवार वापस नहीं लौटा, तो पुलिस में लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।

मुंबई पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक ज्वॉइंट ऑपरेशन चलाकर टाक को कश्मीर से धर दबोचा। फार्महाउस पर लगातार हुई बारिश के कारण गड्ढे के ऊपर की मिट्टी थोड़ी धंस गई थी, जिसने पुलिस का शक बढ़ाया और 6 घंटे की खुदाई के बाद कंकाल बरामद हुए।

कानून का हंटर और कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला

एक दशक से भी लंबे समय तक चले ट्रायल के बाद, साल 2024 में मुंबई की एक सत्र कोर्ट ने परवेज टाक को दोषी पाते हुए मौत की सजा सुनाई। कोर्ट ने इस जघन्य अपराध को दुर्लभ से दुर्लभतम श्रेणी में रखते हुए टिप्पणी की कि यह हत्याकांड इतनी बेरहमी से किया गया था जिसने समाज की सामूहिक आत्मा को झकझोर कर रख दिया।

यह कोई गुस्से में उठाया गया कदम नहीं था, बल्कि ठंडे दिमाग से की गई सामूहिक हत्याएं थीं। हालांकि परवेज टाक राजेश खन्ना के साथ फिल्म वफा: ए डेडली लव स्टोरी में अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाली फेमस एक्ट्रेस लैला खान की मौत का गुनहेगार आज सलाखों के पीछे अपनी मौत की सजा का इंतजार कर रहा है, लेकिन उसका वो साथी आज भी पुलिस के लिए एक अनसुलझी पहेली बना हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com