फिल्मों में नहीं मिलता गाना फिर भी करोड़पति है ये सिंगर, 2 महीने में खरीदी 11 करोड़ की संपत्ति

राहुल वैद्य ने मुंबई के बांद्रा में 9 करोड़ रुपए का अपार्टमेंट खरीदा है। 2 महीने पहले ही उन्होंने कार भी ली थी। बॉलीवुड की फिल्मों में उन्हें गाने कम ही मिलते हैं लेकिन सिंगर करोड़पति है और आलीशान जिंदगी जी रहे हैं।
Rahul Vaidya Bought new home in Bandra
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: राहुल वैद्य को बॉलीवुड में गाने कम ही मिलते हैं लेकिन स्टेज शोज और म्यूजिक वीडियो के जरिए उनकी जबर्दस्त कमाई होती है। राहुल वैद्य ने मुंबई के बांद्रा में एक आलीशान अपार्टमेंट खरीदा है। जिसकी कीमत 9 करोड़ रुपए बताई गई है। 2 महीने पहले ही उन्होंने लग्जरी कार 'रेंज रोवर' भी खरीदी थी, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपए के आसपास थी। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि महज 2 महीने के भीतर ही सिंगर ने 11 करोड़ रुपए की संपत्ति की खरीद की है।

राहुल वैद्य का खरीदा गया नया अपार्टमेंट डीएलएच सिग्नेचर में स्थित है, जो बांद्रा पश्चिम में डीएलएच ग्रुप का एक प्रीमियम प्रोजेक्ट है। 1.25 एकड़ में फैले इस परिसर में कई तरह की आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। राहुल वैद्य का नया फ्लैट 3,110 वर्ग फीट के कारपेट एरिया वाला फ्लैट है। इस अपार्टमेंट को खरीदने के लिए राहुल वैद्य ने 56.3 लाख रुपए की स्टैंप ड्यूटी दी है। वहीं 30 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस भी चुकाया है।

राहुल वैद्य स्टेज शोस से तगड़ी कमाई करते हैं। वहीं उनके म्यूजिक वीडियो भी वक्त वक्त पर आते रहते हैं। राहुल वैद्य बिग बॉस सीजन 14 में नजर आए थे और वह उस सीजन के रनर अप रहे थे। उस सीजन का खिताब रुबीना दिलैक ने अपने नाम किया था। इसके बाद वह खतरों के खिलाड़ी और लाफ्टर शेफ्स जैसे शो में भी नजर आ चुके हैं। उन्हें टीवी सीरियल में काम करने का ऑफर भी मिला था लेकिन उन्होंने उस ऑफर को ठुकरा दिया था उन्होंने बताया कि वह एक्टिंग की दुनिया में नहीं आना चाहते हैं। रियलिटी शो तक मामला ठीक है। कार खरीदने की बात हो या फिर घर राहुल वैद्य के फैंस बेहद खुश नजर आ रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com