जब विदेश में प्रीति जिंटा बनीं ढाल, सेलिना जेटली ने जन्मदिन पर शेयर किया दिल छू लेने वाला किस्सा

Preity Zinta Support Story: सेलिना जेटली ने प्रीति जिंटा के जन्मदिन पर एक किस्सा शेयर किया, जब अमेरिका में प्रीति उनके लिए ढाल बनकर खड़ी हुई थीं। इस पोस्ट में सेलिना ने प्रीति की बहादुरी को सराहा है।
Preity Zinta birthday Celina Jaitly Emotional Post support story
सेलिना जेटली और प्रीति जिंटा (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Celina Jaitly Emotional Post: बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी के कठिन दौर से गुजर रही हैं। तलाक और बच्चों से दूरी का दर्द झेल रही सेलिना भले ही मुश्किल हालात में हों, लेकिन वह अपने करीबी दोस्तों के लिए प्यार और सम्मान जताना नहीं भूलतीं। हाल ही में उन्होंने अभिनेत्री प्रीति जिंटा के जन्मदिन पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसमें सालों पुराना ऐसा किस्सा बताया, जिसे वह आज तक नहीं भूल पाई हैं।

सेलिना जेटली ने प्रीति जिंटा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें “फौजी की बहादुर बेटी” कहा और साल 2006 की एक घटना को याद किया। यह किस्सा उस वक्त का है, जब दोनों अमेरिका में 'हीट' वर्ल्ड टूर का हिस्सा थीं। इस टूर में अक्षय कुमार, सैफ अली खान और सुष्मिता सेन भी शामिल थे। सेलिना के मुताबिक, अमेरिका में एक स्थानीय आयोजक ने उनके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश की थी, जिसे देखकर प्रीति जिंटा ने बिना किसी डर और भेदभाव के उनके लिए आवाज उठाई थी।

सेलिना जेटली ने शेयर किया किस्सा

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए सेलिना ने लिखा कि प्रीति जिंटा नाम से अच्छी और स्वभाव से ब्रिगेड कमांडर। मेरी प्यारी प्रीति को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। वह एक फौजी की बेटी हैं, जिनमें दृढ़ संकल्प, हिम्मत और साहस कूट-कूटकर भरा है। उन्होंने आगे बताया कि उस विदेशी धरती पर प्रीति का रवैया बेहद शांत लेकिन मजबूत था। न कोई दिखावा, न शोर-शराबा बस सही के लिए खड़ी होने की ताकत।

सेलिना जेटली के लिए प्रीति ने उठाई थी आवाज

सेलिना जेटली ने लिखा कि वह कभी नहीं भूल सकतीं कि प्रीति ने किस तरह उनके लिए अपनी आवाज उठाई। उनके शब्दों में, वह आवाज किसी स्टार की नहीं, बल्कि एक फौजी की बेटी की थी। जुड़वां बच्चों की मां होने के नाते सेलिना का मानना है कि दुनिया ऐसी ही महिलाओं के सहारे चलती है, जो मजबूत होने के साथ-साथ संवेदनशील भी होती हैं।

प्रीति जिंटा और सेलिना जेटली की दोस्ती

गौरतलब है कि प्रीति जिंटा और सेलिना जेटली ने भले ही कभी किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया हो, लेकिन दोनों के बीच गहरी दोस्ती है। दोनों का आर्मी बैकग्राउंड भी इस रिश्ते को और मजबूत बनाता है। प्रीति जिंटा का यह अनदेखा पहलू मुश्किल वक्त में बिना झिझक साथ खड़े होना एक बार फिर साबित करता है कि वह न सिर्फ स्क्रीन पर, बल्कि असल जिंदगी में भी एक मजबूत और साहसी महिला हैं।