

Poonam Dhillon Reaction Ranveer Singh-Farhan Akhtar Controversy: एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों ने हाल ही में रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच चल रहे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक्ट्रेस का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों और निर्माताओं के बीच मतभेद होना नई बात नहीं है, लेकिन ऐसे विवादों का असर उन लोगों पर नहीं पड़ना चाहिए, जो पर्दे के पीछे दिन-रात मेहनत करते हैं।
पूनम ढिल्लों हाल ही में हेमा मालिनी के डायमंड जुबली कॉन्सर्ट में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में रणवीर सिंह और फरहान अख्तर विवाद पर अपनी राय रखी। पूनम ने कहा कि किसी भी फिल्म के निर्माण में सिर्फ बड़े सितारे ही नहीं, बल्कि तकनीकी टीम, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी और कई छोटे-बड़े कामगार भी शामिल होते हैं।
पूनम ने कहा कि कलाकारों और निर्माताओं के बीच किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है, लेकिन उसका असर उन लोगों पर नहीं पड़ना चाहिए, जो पूरी ईमानदारी से फिल्म के लिए मेहनत करते हैं। पूनम ढिल्लों ने आगे कहा कि जब किसी बड़े विवाद की वजह से फिल्म रुकती है, तो सबसे ज्यादा मुश्किल उन कर्मचारियों को होती है, जिनकी रोजी-रोटी उस प्रोजेक्ट पर निर्भर होती है।
पूनम ने कहा कि चाहे अहंकार हो, लड़ाई हो या कोई व्यक्तिगत विवाद, उसका नुकसान जरूरतमंद लोगों को नहीं झेलना चाहिए। जैसे युद्ध में फैसले बड़े लोग लेते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता को होता है। कुछ ऐसा ही फिल्म इंडस्ट्री में भी देखने को मिलता है। एक्ट्रेस की इस बात को सोशल मीडिया पर भी काफी समर्थन मिल रहा है। कई लोग मानते हैं कि बड़े सितारों और निर्माताओं के विवादों का असर सबसे पहले फिल्म यूनिट के छोटे कर्मचारियों पर पड़ता है।
दरअसल, खबरों के मुताबिक रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर की एक बड़ी फिल्म से आखिरी समय में खुद को अलग कर लिया था। आरोप है कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही एक्टर ने प्रोजेक्ट छोड़ दिया, जिससे निर्माताओं को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। मामले को लेकर फरहान अख्तर ने इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज से शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि नोटिस का जवाब नहीं मिलने के बाद रणवीर सिंह के खिलाफ ‘असहयोग निर्देश’ भी जारी किया गया।