Narendra Modi Tweet: पीएम नरेंद्र मोदी ने जताई चिंता, आशा भोसले के जल्द स्वस्थ होने की मांगी दुआ

Asha Bhosle Health Update: दिग्गज गायिका आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिंता जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
Narendra Modi tweet Asha Bhosle health update Breach Candy Hospital Mumbai
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आशा भोसले (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PM Narendra Modi On Asha Bhosle Health: भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले की बिगड़ी तबीयत को लेकर पूरे देश में चिंता का माहौल बना हुआ है। शनिवार शाम आशा भोसले को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद से ही फैंस और सेलेब्स उनकी सेहत के लिए दुआ कर रहे हैं।

शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आशा भोसले को दिल का दौरा पड़ा है, लेकिन उनकी पोती जनाई भोसले ने इन खबरों को खारिज कर दिया। जनाई के मुताबिक, सिंगर को अत्यधिक कमजोरी और चेस्ट इंफेक्शन की शिकायत के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फैंस से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील भी की और भरोसा दिलाया कि उनकी हालत स्थिर है।

PM मोदी ने ट्वीट कर मांगी दुआ

आशा भोसले की तबीयत की खबर सामने आते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सुनकर उन्हें चिंता हुई है और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। पीएम का यह संदेश फैंस के लिए एक बड़ी भावनात्मक राहत लेकर आया है।

फैंस और इंडस्ट्री कर रही दुआ

आशा भोसले के चाहने वाले देश-विदेश में फैले हुए हैं। उनकी तबीयत खराब होने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर दुआओं का सिलसिला शुरू हो गया। फैंस लगातार उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना कर रहे हैं। कई सेलेब्रिटीज ने भी उनके जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई है। 8 सितंबर 1933 को जन्मीं आशा भोसले का करियर आठ दशकों से भी ज्यादा लंबा रहा है।

एवरग्रीन गानों से आज भी कायम है जादू

आशा भोसले ने लगभग 12,000 से अधिक गाने गाए हैं और हर दौर की अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी है। वह महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं, लेकिन अपनी अनोखी शैली और बहुमुखी प्रतिभा के दम पर उन्होंने अलग पहचान बनाई। ‘चुरा लिया है तुमने’, ‘अभी ना जाओ छोड़कर’, ‘दम मारो दम’ जैसे गानों ने उन्हें हर पीढ़ी का पसंदीदा बनाया।

देश को इंतजार अच्छी खबर का

आशा भोसले की आवाज में जो ऊर्जा और भावनाएं हैं, वही उन्हें बाकी गायकों से अलग बनाती हैं। आज भी उनके गाने हर महफिल की शान होते हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पूरा देश अब इसी उम्मीद में है कि जल्द ही आशा भोसले स्वस्थ होकर फिर से अपने फैंस के बीच लौटेंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com