Pawan Singh के लाइव शो में मचा बवाल, बेकाबू भीड़ पर पुलिस का लाठीचार्ज, कई लोगों के घायल होने की खबर

Pawan Singh Ballia Event: उत्तर प्रदेश के बलिया में पवन सिंह के लाइव शो के दौरान भारी भीड़ बेकाबू हो गई। फैंस बैरिकेडिंग तोड़कर स्टार तक पहुंचने लगे, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
Bhojpuri Star Pawan Singh Live Show Ballia Event Ravi Kishan Fans Police Lathicharge
पवन सिंह (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pawan Singh Live Show Chaos: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह के कार्यक्रमों में फैंस की भारी भीड़ उमड़ना आम बात है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित एक कार्यक्रम में यही दीवानगी बड़े बवाल की वजह बन गई। 16 जून की रात हुए इस कार्यक्रम में हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, बलिया के नगवा क्षेत्र में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। वहीं हजारों की संख्या में लोग अपने पसंदीदा स्टार पवन सिंह को देखने और सुनने के लिए पहुंचे थे। रात करीब 10 बजे पवन सिंह मंच पर पहुंचे और अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति शुरू की। जैसे ही उन्होंने अपना मशहूर गाना गाया, दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। स्थिति तब नियंत्रण से बाहर होने लगी जब पवन सिंह गाते हुए मंच से नीचे उतर आए।

भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने संभाला मोर्चा

अचानक बढ़ी भीड़ और सुरक्षा घेरे के टूटने से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने पहले लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति काबू से बाहर होती दिखाई दी तो लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और कई लोग घायल हो गए।

घायल युवक ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें एक वीडियो सचिन कुमार नाम के युवक का भी बताया जा रहा है। वीडियो में युवक के सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना किसी कारण उसके ऊपर लाठियां बरसाईं। युवक का कहना है कि वह केवल कार्यक्रम देख रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़कर पीट दिया। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

जन्मदिन समारोह में आयोजित हुआ था कार्यक्रम

बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम श्रेयस कंपनी के डायरेक्टर और कारोबारी विनय सिंह द्वारा अपने बेटे श्रेयस सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कराया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन भीड़ का उत्साह प्रशासन के अनुमान से कहीं ज्यादा निकला। फिलहाल इस घटना को लेकर न तो पवन सिंह और न ही रवि किशन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com