

Kriti Sanon Cocktail 2 Look: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म कॉकटेल 2 को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह 'ऐली' नाम की एक बेफिक्र, आत्मनिर्भर और ग्लैमरस युवती का किरदार निभा रही हैं। फिल्म का ट्रेलर और पोस्टर सामने आने के बाद से ही कृति के स्टाइलिश लुक्स सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। अब एक्ट्रेस ने खुद उन लोगों का नाम बताया है, जिनकी मेहनत से उनका यह बोल्ड और आकर्षक अवतार दर्शकों के सामने आया है।
कृति सेनन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी कुछ खास तस्वीरें साझा कीं और बताया कि उनके किरदार 'ऐली' के स्टाइलिंग की जिम्मेदारी मशहूर फैशन और कॉस्ट्यूम स्टाइलिस्ट अनाइता श्रॉफ अदजानिया ने संभाली है। कृति ने कहा कि अनाइता ने सिर्फ फैशनेबल कपड़े ही नहीं चुने, बल्कि किरदार की पूरी पर्सनैलिटी को भी अपने स्टाइल के जरिए उभारा।
एक्ट्रेस के मुताबिक, ऐली का किरदार उन्हें यह सिखाता है कि कोई व्यक्ति एक साथ हॉट और खूबसूरत दोनों हो सकता है। कृति ने फिल्म की एसोसिएट कॉस्ट्यूम स्टाइलिस्ट सुकृति ग्रोवर की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने उन्हें बेहद मेहनती और प्रतिभाशाली बताया। कृति ने कहा कि सुकृति के योगदान के बिना ऐली के किरदार की यह यात्रा इतनी खास नहीं बन पाती।
अपने नए लुक को लेकर कृति ने हेयर और मेकअप आर्टिस्ट आसिफ अहमद और एड्रियन जैकब्स का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जब किसी कलाकार के साथ लंबे समय तक काम किया जाता है तो हर बार कुछ नया और अलग करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन उनकी टीम ने इस बार भी शानदार काम किया। कृति ने खासतौर पर अपने बीची हेयरस्टाइल का जिक्र करते हुए कहा कि यह लुक दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।
निर्देशक होमी अदजानिया की 'कॉकटेल 2' में कृति सेनन के साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और इसके ट्रेलर के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। कृति का नया ग्लैमरस अवतार भी फिल्म की सबसे बड़ी चर्चाओं में शामिल हो गया है।