‘अब साथ नहीं रहना...’ ज्योति सिंह से पवन सिंह को चाहिए तलाक, वन टाइम सेटलमेंट को तैयार, जज के सामने कही ये बात

Pawan Singh And Jyoti Singh Divorce Case: पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक केस में नया मोड़ आया है। कोर्ट में एक्टर ने साफ कहा कि वह अब साथ नहीं रहना चाहते और वन टाइम सेटलमेंट के लिए तैयार हैं।
Pawan Singh And Jyoti Singh Divorce Case
पवन सिंह और ज्योति सिंह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Pawan Singh Court Hearing: भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह इन दिनों अपनी प्रोफेशनल सफलता के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहा तलाक का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हाल ही में हुई कोर्ट सुनवाई में इस केस ने नया मोड़ ले लिया।

कोर्ट में पवन सिंह का बड़ा बयान

25 मार्च को हुई सुनवाई के दौरान पवन सिंह कोर्ट में पेश हुए और जज आशुतोष कुमार के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह अब अपनी पत्नी के साथ नहीं रहना चाहते और तलाक चाहते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वह वन टाइम सेटलमेंट के लिए तैयार हैं, ताकि इस मामले को जल्द खत्म किया जा सके। इस दौरान ज्योति सिंह कोर्ट में मौजूद नहीं थीं। कोर्ट ने उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह उसमें भी शामिल नहीं हो सकीं। पवन सिंह के वकील के मुताबिक, अब एक्टर इस मामले का जल्दी निपटारा चाहते हैं और इसके लिए हर संभव रास्ता अपनाने को तैयार हैं।

कोर्ट से पहले मंदिर पहुंचे थे एक्टर

रिपोर्ट्स के अनुसार, सुनवाई से पहले पवन सिंह हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन करने गए थे। इसके बाद वह कोर्ट पहुंचे। सुनवाई के बाद जब वह बाहर आए, तो उनके चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही थी। मीडिया के सवालों पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और सिर्फ हाथ जोड़कर आगे बढ़ गए।

दूसरी ओर, ज्योति सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वह छठ पर्व के मौके पर पूजा करती नजर आईं। वीडियो में उन्होंने सिंदूर लगाए हुए सभी को शुभकामनाएं दीं, जिससे यह मामला और चर्चा में आ गया।

पहले की सुनवाई में क्या हुआ था?

इससे पहले 11 फरवरी को हुई सुनवाई में ज्योति सिंह ने कोर्ट से कहा था कि वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती हैं। उस दौरान पवन सिंह कोर्ट में मौजूद नहीं थे। ज्योति अपनी बात रखते हुए भावुक भी हो गई थीं और उन्होंने शादी में मिली मानसिक पीड़ा का जिक्र किया था।

पवन सिंह की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह का शादी के कुछ समय बाद निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने साल 2018 में ज्योति सिंह से शादी की, लेकिन अब यह रिश्ता भी टूटने की कगार पर पहुंच गया है।फिलहाल, इस मामले में अंतिम फैसला आना बाकी है, लेकिन दोनों पक्षों के रुख को देखते हुए जल्द ही कोई बड़ा निर्णय सामने आ सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com