पत्रलेखा को ‘सिटीलाइट्स’ से मिली पहचान, 11 साल की रिलेशनशिप के बाद की राजकुमार राव संग शादी

Patralekha Career: पत्रलेखा आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। मेघालय की ये एक्ट्रेस ‘सिटीलाइट’ से चर्चा में आईं। राजकुमार राव संग शादी और ‘केंपा फिल्म्स’ की स्थापना उनके करियर की खास उपलब्धियां हैं।
patralekha birthday special career life story rajkummar rao
पत्रलेखा (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Patralekha Birthday Special Story: बॉलीवुड एक्ट्रेस पत्रलेखा आज अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। पत्रलेखा का जन्म 20 फरवरी 1989 को मेघालय राज्य के शिलांग में एक बंगाली परिवार में हुआ था। पत्रलेखा के पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और चाहते थे कि बेटी भी इसी क्षेत्र में करियर बनाए, लेकिन पत्रलेखा का रुझान बचपन से ही अभिनय और कला की ओर था। अपने सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने मुंबई का रुख किया और शुरुआती दिनों में टीवी विज्ञापनों से करियर की शुरुआत की।

कम ही लोग जानते हैं कि पत्रलेखा एक प्रशिक्षित भरतनाट्यम नृत्यांगना हैं। इसके अलावा वे तैराकी, बास्केटबॉल और घुड़सवारी में भी निपुण हैं। अभिनय की दुनिया में उन्हें बड़ा मौका साल 2014 में मिला, जब निर्देशक हंसल मेहता की फिल्म सिटीलाइट में उन्होंने लीड रोल निभाया। इस फिल्म में वे राजकुमार राव के साथ नजर आईं। गरीब परिवार की लड़की राखी सिंह के किरदार में उनके अभिनय को खूब सराहा गया और उन्हें ‘मोस्ट प्रॉमिसिंग न्यूकमर फीमेल’ का स्टार स्क्रीन अवॉर्ड मिला।

पत्रलेखा की फिल्में

इसके बाद उन्होंने ‘लव गेम्स’, ‘नानू की जानू’ और ‘बदनाम गली’ जैसी फिल्मों में काम किया। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उन्होंने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। वेब सीरीज बोस:डेड /अलाइव और आईसी 814: द कंदहार हाईजैक में उनकी अदाकारी को सराहा गया। हाल ही में रिलीज फिल्म फुले में उन्होंने अहम भूमिका निभाई, जिसमें उनके साथ अभिनेता प्रतीक गांधी नजर आए।

पत्रलेखा की शादी

पत्रलेखा ने 'मालिक' फेम राजकुमार राव से शादी की है। उनकी प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही है। 11 साल की रिलेशनशिप के बाद, साल 2021 में, दोनों शादी के बंधन में बंध गए। जानकारी के अनुसार, राजकुमार राव ने पत्रलेखा को पहली बार एक विज्ञापन में देखा था, और उन्हें वह भा गई थीं। इसके बाद दोनों की दोस्ती हुई और 11 साल एक-दूजे को समझने के बाद जिंदगी भर साथ रहने की कसमें खाई।

पत्रलेखा का एक्टिंग करियर

पत्रलेखा और राजकुमार राव ने शादी के बाद साल 2025 में अपना प्रोडक्शन हाउस 'केंपा फिल्म्स' लॉन्च किया, जिसका नाम उनकी माताओं के नाम के पहले अक्षरों से लिया गया है। दोनों को एक बेटी है, जिसका नाम पार्वती पॉल राव रखा गया। पत्रलेखा अब परिवार के साथ एक्टिंग करियर को साथ-साथ चला रही हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com