पार्थ समथान के नाम पर Snapchat स्कैम, लड़कियों से मांगे जा रहे थे आपत्तिजनक तस्वीरें, एक्टर ने किया अलर्ट

Parth Samthaan Snapchat Fraud: पार्थ समथान के नाम पर स्नैपचैट पर फर्जी अकाउंट बनाकर लड़कियों से आपत्तिजनक तस्वीरें मांगी जा रही थीं। एक्टर ने खुद सामने आकर फैंस को सतर्क किया ।
Parth Samthaan Alert Social Media Fraud
पार्थ समथान (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Parth Samthaan Alert Social Media Fraud: सोशल मीडिया ने जहां फैंस और सेलिब्रिटीज के बीच की दूरी कम की है, वहीं साइबर अपराधियों के लिए भी नए रास्ते खोल दिए हैं। अब ठग स्टार्स की पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। हाल ही में टीवी अभिनेता पार्थ समथान के नाम पर एक बड़ा ऑनलाइन स्कैम सामने आया, जिसके बाद एक्टर को खुद आगे आकर सफाई देनी पड़ी।

स्नैपचैट पर बना पार्थ समथान के नाम का फर्जी प्रोफाइल

मामला तब सामने आया जब किसी शख्स ने स्नैपचैट पर पार्थ समथान के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी अकाउंट बना लिया। कई फैंस ने इसे असली समझकर फॉलो करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उस फेक प्रोफाइल से वीडियो कॉल कर लड़कियों से आपत्तिजनक तस्वीरें और स्नैप्स मांगे जा रहे थे। जैसे ही पार्थ को इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए फैंस को सतर्क किया।

इंस्टाग्राम पर एक्टर ने दी चेतावनी

पार्थ ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फर्जी स्नैपचैट अकाउंट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि कोई उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने साफ कहा कि वह अकाउंट उनका नहीं है और लोगों से अपील की कि तुरंत उसे रिपोर्ट और ब्लॉक करें। एक्टर की इस त्वरित प्रतिक्रिया से कई फैंस संभावित धोखाधड़ी से बच सके।

पहले भी सामने आ हो चुके हैं ऐसे मामले

यह पहली घटना नहीं है जब किसी सेलेब्रिटी के नाम पर ऑनलाइन ठगी हुई हो। अभिनेत्री रूही सिंह के नाम पर व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक चैट वायरल हुई थी। रूही ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और फैंस से उस नंबर को ब्लॉक करने की अपील की थी।

इसी तरह आयशा खान के नाम से भी फर्जी व्हाट्सऐप प्रोफाइल बनाई गई थी। आरोपी ने उनकी तस्वीर लगाकर लोगों से बातचीत शुरू कर दी थी। आयशा ने स्क्रीनशॉट साझा कर लोगों को आगाह किया। साल 2025 में कुशा कपिला के नाम पर फेक फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों से पैसे ठगने का मामला भी सामने आया था।

साल 2012 मे टीवी इंडस्ट्री में रखा था कदम

पार्थ ने 2012 में टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा और जल्द ही लोकप्रिय हो गए। वह कसौटी जिंदगी की, कैसी ये यारियां, प्यार तूने क्या किया और सीआईडी जैसे शोज में नजर आ चुके हैं। फिलहाल, यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रोफाइल को बिना जांचे-परखे असली मान लेना खतरनाक हो सकता है। वेरिफाइड अकाउंट, आधिकारिक लिंक और ब्लू टिक की जांच करना बेहद जरूरी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com