

Highlights
पंकज त्रिपाठी हर साल परिवार के साथ सादगी से दिवाली मनाते हैं।
उनके घर में 10 मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं और घर का खाना बनता है।
अभिनेता दिवाली पर लक्ष्मी पूजा करते हैं और सभी की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
Pankaj Tripathi Diwali Celebration Plan: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी दीपावली का त्योहार बेहद सादगी से मनाना पसंद करते हैं। इस बार भी उनका प्लान कुछ खास नहीं, बल्कि परिवार के साथ वक्त बिताने, घर में दीये जलाने और लक्ष्मी पूजा करने का है। वहीं, उनकी आगामी फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' की को-स्टार अदिति राव हैदरी भी इस साल पति सिद्धार्थ के साथ दीपावली मनाने को लेकर काफी उत्साहित हैं।
पंकज त्रिपाठी ने अपने दीपावली सेलिब्रेशन के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनके घर में हर साल यह त्योहार बेहद शांत और सादगी भरे अंदाज में मनाया जाता है। इस बार भी वह पत्नी और बच्चों के साथ दीपावली सेलिब्रेट करेंगे। दीपावली हम इस साल सादगी भरे अंदाज में ही मनाएंगे। हम हर साल ऐसी सादगी से बीवी-बच्चों के साथ मनाते आए हैं। घर में 10 मिट्टी के दीये जलते हैं, घर का खाना बनता है, दीया-बाती भी जलती है और लक्ष्मी जी की पूजा होती है। पंकज ने आगे कहा कि मां लक्ष्मी सभी के जीवन में बनी रहें और हर कोई सुखी-संपन्न रहे।
वहीं, अभिनेत्री अदिति राव हैदरी भी इस साल दीपावली को लेकर काफी खुश हैं। उन्होंने बताया कि इस बार वह अपने पति और अभिनेता सिद्धार्थ के साथ त्योहार मनाएंगी। पिछले साल सिद्धार्थ शूटिंग के सिलसिले में अमेरिका में थे, जिस वजह से दोनों साथ में दीपावली नहीं मना पाए थे। अदिति ने कहा कि इस बार सिद्धार्थ उनके साथ हैं और वह इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म के प्रमोशन के बाद उन्हें घर जाने और साथ में त्योहार मनाने का मौका मिलेगा।
बता दें कि पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी जल्द ही फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' में एक साथ नजर आएंगे। यह दोनों की पहली फिल्म है। वरुण वी शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रोमांस, कॉमेडी और ड्रामा देखने को मिलेगा। कहानी लखनऊ के रंजन दुबे यानी पंकज त्रिपाठी की है, जो एक बड़ी पुश्तैनी हवेली में अकेले रहते हैं। घर के कामकाज के लिए वह एक विज्ञापन निकालते हैं, जिसके बाद दिल्ली से एक महिला हाउस हेल्प के रूप में उनके घर पहुंचती है। इसके बाद उनकी शांत जिंदगी में रोमांस, हंसी-मजाक और सस्पेंस की एंट्री होती है। फिल्म 13 नवंबर को सोनी लिव पर रिलीज होगी।