

Highlights
'रामायण' ने ऑस्कर 2027 की VFX कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में जगह बनाई है।
फिल्म को टॉप 20 फिल्मों में शामिल किया गया है।
इस लिस्ट में क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' और 'एवेंजर्स: डूम्सडे' जैसी फिल्में भी शामिल हैं।
Ranbir Kapoor Ramayana Oscars 2027 Shortlist: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: पार्ट 1' ने ऑस्कर 2027 की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी की शॉर्टलिस्ट में जगह बना ली है।
फिल्म रामायण को इस श्रेणी की टॉप 20 फिल्मों में शामिल किया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म के प्रशंसकों के बीच खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि इस लिस्ट में क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' समेत कई बड़ी हॉलीवुड फिल्में भी शामिल हैं। Variety की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्कर 2027 की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी के लिए 20 फिल्मों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
ऑस्कर 2027 में भारत की 'रामायण: पार्ट 1' भी शामिल है। इसके अलावा क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी', 'एवेंजर्स: डूम्सडे', 'ड्यून: पार्ट 3', 'गॉडजिला माइनस जीरो', 'मोआना', 'प्रोजेक्ट हेल मेरी', 'सुपरगर्ल', 'व्हेलफॉल' और 'द शीप डिटेक्टिव्स' जैसी फिल्में भी इस सूची का हिस्सा हैं। अब इन फिल्मों के बीच आगे की दौड़ होगी। हालांकि, शॉर्टलिस्ट में जगह मिलने का मतलब अंतिम ऑस्कर नॉमिनेशन मिलना नहीं है। इसके लिए अभी आगे की प्रक्रिया बाकी है।
नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी 'रामायण' ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की थी। फिल्म ने पहले दिन 64.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। पहले हफ्ते में इसका नेट कलेक्शन 564.60 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 675.05 करोड़ रुपये रहा। दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 299.15 करोड़ रुपये नेट और 357.10 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए। तीसरे हफ्ते में इसका नेट कलेक्शन 109.20 करोड़ रुपये रहा।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी शानदार है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के रोल में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल और विवेक ओबेरॉय भी फिल्म का हिस्सा हैं।
'रामायण' को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना है। फिल्म का पहला पार्ट सिनेमाघरों में रिलीज हो चुका है, जबकि दूसरा पार्ट साल 2028 में आएगा। इसके दूसरे भाग में सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हालांकि, अभी तक उनका लुक सामने नहीं आया है।