Oscar 2026 में चमकेगा भारत? ‘होमबाउंड’ को लेकर बढ़ी धड़कनें, जानें कब-कहां देखें LIVE

Oscar 2026 Nominations: दुनियाभर की निगाहें आज ऑस्कर 2026 के नामांकन पर टिकी हैं। भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे 98वें अकादमी अवॉर्ड्स की आधिकारिक घोषणा होगी। चलिए जानते हैं कब और कहां पाएंगे देख।
Oscar 2026 Nominations Live Streaming
ऑस्कर नॉमिनेशन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Oscar 2026 Nominations Live Streaming: वैश्विक सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में गिने जाने वाले अकादमी अवॉर्ड्स को लेकर इंतजार की घड़ियां अब खत्म होने वाली हैं। आज यानी 22 जनवरी को 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स के नामांकन की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। भारतीय दर्शकों के लिए यह पल खास है, क्योंकि नामांकन भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे सामने आएंगे।

इस साल के ऑस्कर नामांकन समारोह की मेजबानी अभिनेता डेनियल ब्रूक्स और लुईस पुलमैन करेंगे। दोनों सितारे लाइव इवेंट के ज़रिए अलग-अलग कैटेगरी में चुनी गई फिल्मों और कलाकारों के नामों का ऐलान करेंगे। भारत समेत पूरी दुनिया का फिल्म इंडस्ट्री इस ऐलान पर नज़र बनाए हुए है, क्योंकि इससे यह साफ हो जाएगा कि इस साल की ऑस्कर रेस में कौन-कौन सी फिल्में और परफॉर्मेंस सबसे आगे हैं।

ऑस्कर नॉमिनेशन में ‘होमबाउंड’ पर टिकी फैंस की नजरें

भारतीय सिनेमा के लिए भी यह साल बेहद अहम माना जा रहा है। भारतीय फिल्म ‘होमबाउंड’ पहले ही सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म कैटेगरी में मजबूत दावेदारी पेश कर चुकी है। इसके अलावा ‘कांतारा: चैप्टर 1’, ‘तन्वी द ग्रेट’, ‘महावतार नरसिम्हा’ और ‘टूरिस्ट फैमिली’ जैसी फिल्मों के नाम भी बेस्ट फिल्म की संभावित सूची में शामिल किए जाने की चर्चा तेज है।

मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज अकादमी पहले ही 12 प्रमुख श्रेणियों में शॉर्टलिस्ट जारी कर चुकी है। इनमें एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म, इंटरनेशनल फीचर फिल्म, लाइव एक्शन शॉर्ट, मेकअप और हेयरस्टाइलिंग, ओरिजिनल स्कोर, ओरिजिनल सॉन्ग, साउंड और विजुअल इफेक्ट्स जैसी अहम कैटेगरी शामिल हैं। इन शॉर्टलिस्ट्स की घोषणा 16 दिसंबर 2025 को की गई थी।

कब और कहां देख पाएंगे नामांकन की लाइव स्ट्रीमिंग

नामांकन की लाइव स्ट्रीमिंग ऑस्कर.कॉम और ऑस्कर.ऑर्ग पर देखी जा सकेगी। इसके अलावा दर्शक फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर भी इस इवेंट को लाइव फॉलो कर पाएंगे, जिससे यह समारोह दुनियाभर में हर प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध रहेगा।

ऑस्कर अकादमी भी इस बड़े ऐलान को लेकर उत्साहित नजर आ रही है। उनके आधिकारिक X (पहले ट्विटर) अकाउंट पर लगातार काउंटडाउन पोस्ट शेयर की जा रही हैं। एक पोस्ट में अकादमी ने लिखा, “जागते ही यह एहसास होता है कि ऑस्कर नामांकन में अब बस कुछ ही घंटे बचे हैं।” अब देखना दिलचस्प होगा कि इस साल ऑस्कर की रेस में कौन-कौन से नाम इतिहास रचते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com