Oscar 2026: धर्मेंद्र को ऑस्कर में नहीं मिली श्रद्धांजलि, विवाद बढ़ने पर सामने आई AMPAS की सफाई

Dharmendra Oscar Tribute: धर्मेंद्र को एकेडमी अवार्ड्स 2026 के इन मेमोरियम सेगमेंट में श्रद्धांजलि न मिलने पर विवाद खड़ा हो गया। वहीं AMPAS ने कहा कि सीमित समय के कारण कुछ नाम छूट जाते हैं।
Oscar 2026 Controversy Dharmendra tribute In Memoriam list Hema Malini reaction AMPAS selection process
धर्मेंद्र को ऑस्कर में नहीं मिली श्रद्धांजलि (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Oscar 2026 Controversy: 98वें अकादमी अवॉर्ड्स 2026 के दौरान ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस बार बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि न दिए जाने पर उनके फैंस और कई सेलेब्स ने नाराजगी जाहिर की। इस मुद्दे ने सोशल मीडिया पर भी खूब तूल पकड़ा। इस विवाद के बीच शो के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर रॉब मिल्स ने सफाई दी है।

एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर रॉब मिल्स ने बताया कि ‘इन मेमोरियम’ में किन कलाकारों को शामिल किया जाएगा, इसका फैसला एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की कमेटी करती है। रॉब मिल्स के मुताबिक, हर साल कई दिग्गज कलाकारों का निधन होता है, ऐसे में समय और प्रस्तुति की सीमाओं के कारण कुछ नाम छूट जाते हैं।

हेमा मालिनी ने जताई नाराजगी

धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि न मिलने पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने इसे ‘शर्मनाक’ बताते हुए कहा कि धर्मेंद्र जैसे बड़े कलाकार को नजरअंदाज करना गलत है। हेमा मालिनी ने यह भी कहा कि धर्मेंद्र को अपने जीवनकाल में जितना सम्मान मिलना चाहिए था, उतना नहीं मिला, लेकिन उन्हें देश के लोगों से जो प्यार मिला, वही उनके लिए सबसे बड़ा अवॉर्ड था।

कई अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी रहे नजरअंदाज

यह मामला सिर्फ धर्मेंद्र तक सीमित नहीं रहा। रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के नाम भी शामिल नहीं किए गए। इनमें एरिक डेन, ब्रिगिट बार्डोट और जेम्स वैन डेर बीक जैसे नाम भी बताए जा रहे हैं। इससे यह सवाल और गहरा गया कि आखिर श्रद्धांजलि के लिए चयन प्रक्रिया कितनी पारदर्शी है।

धर्मेंद्र का सिनेमा में योगदान

धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के उन दिग्गज अभिनेताओं में शामिल रहे हैं, जिन्होंने दशकों तक इंडस्ट्री पर राज किया। ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’ और ‘सीता और गीता’ जैसी फिल्मों में उनकी दमदार अदाकारी आज भी याद की जाती है। हालांकि ऑस्कर में उन्हें श्रद्धांजलि न मिलने से विवाद जरूर खड़ा हुआ है, लेकिन उनके फैंस और इंडस्ट्री के लोगों के दिलों में उनकी जगह हमेशा खास रहेगी। बता दें कि धर्मेंद्र का पिछले साल 24 नवंबर को निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के कई कलाकार पहुंचे थे और उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com