लाइमलाइट से दूर रहती हैं श्वेता बच्चन नंदा, शादी के बाद संभाला परिवार, फिर बनाई अलग पहचान

Shweta Bachchan Life: श्वेता बच्चन नंदा आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की बेटी होने के बावजूद उन्होंने फिल्मों में करियर नहीं चुना। उनकी शादी बिजनेसमैन निखिल नंदा से हुई है।
Amitabh Bachchan daughter Shweta Bachchan Nanda Birthday
श्वेता बच्चन नंदा (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Shweta Bachchan Nanda Birthday Special: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और अभिनेत्री जया बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन नंदा आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। 17 मार्च 1974 को मुंबई में जन्मीं श्वेता बच्चन नंदा भले ही फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखती हों, लेकिन उन्होंने हमेशा खुद को फिल्मों और लाइमलाइट से दूर रखा। इसके बावजूद वह मीडिया, फैशन और लेखन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।

श्वेता बच्चन नंदा बचपन से ही एक प्रतिष्ठित फिल्मी परिवार में पली-बढ़ीं। उनके पिता अमिताभ बच्चन हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक रहे हैं, जबकि मां जया बच्चन भी अपने दौर की मशहूर अभिनेत्री और राजनेता हैं। इतना बड़ा फिल्मी बैकग्राउंड होने के बावजूद श्वेता ने कभी फिल्मों में करियर बनाने की इच्छा जाहिर नहीं की। साल 1997 में श्वेता ने बिजनेसमैन निखिल नंदा से शादी की थी।

कम उम्र में बनीं मां

निखिल नंदा एस्कॉर्ट्स ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। शादी के बाद श्वेता ने लंबे समय तक अपने परिवार और बच्चों की परवरिश पर ध्यान दिया। श्वेता बच्चन ने महज 23 साल की उम्र में बेटी नव्या नवेली नंदा को जन्म दिया था। इसके बाद उनके बेटे अगस्त्य नंदा का जन्म हुआ। दोनों ही बच्चे आज अपने-अपने करियर में आगे बढ़ रहे हैं। अगस्त्य नंदा ने हाल ही में फिल्मी दुनिया में कदम रखा है, जबकि नव्या सोशल मीडिया और बिजनेस के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

मॉडलिंग और लेखन में बनाया नाम

लंबे समय तक हाउसवाइफ की जिम्मेदारियां निभाने के बाद श्वेता ने धीरे-धीरे अपने करियर की शुरुआत की। साल 2006 में उन्होंने पहली बार एक बड़े ब्यूटी ब्रांड के लिए मॉडलिंग की। इसके बाद 2009 में वह अपने भाई अभिषेक बच्चन के साथ रैंप वॉक करती नजर आईं। इसके अलावा श्वेता ने फैशन डिजाइनर जोड़ी अबू जानी और संदीप खोसला के फैशन शो में भी शोस्टॉपर बनकर सुर्खियां बटोरीं। अब वह एक लेखिका के रूप में भी जानी जाती हैं और कई मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए लिख चुकी हैं।

कपूर खानदान से खास रिश्ता

बहुत कम लोग जानते हैं कि श्वेता बच्चन का रिश्ता राज कपूर के मशहूर कपूर खानदान से भी जुड़ता है। दरअसल, श्वेता के पति निखिल नंदा, राज कपूर की बेटी रितु नंदा के बेटे हैं। इस तरह श्वेता बच्चन नंदा शादी के बाद कपूर परिवार की बहू भी बन गईं। फिल्मों से दूरी बनाए रखने के बावजूद श्वेता बच्चन नंदा अपनी सादगी, पारिवारिक मूल्यों और अलग पहचान के लिए जानी जाती हैं। बच्चन परिवार की इस बड़ी बेटी ने साबित किया है कि लाइमलाइट से दूर रहकर भी अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com