

Shah Rukh Khan Film Om Shanti Om: शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ओम शांति ओम बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में शुमार है। साल 2007 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके गाने भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए। दीवानगी दीवानगी, धूम ताना और दर्द-ए-डिस्को जैसे गानों को आज भी पसंद किया जाता है। लेकिन अब फिल्म की डायरेक्टर फराह खान ने इससे जुड़ा एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है।
फराह खान ने अपने यूट्यूब चैनल के लेटेस्ट एपिसोड में म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी से मुलाकात की। बातचीत के दौरान उन्होंने ओम शांति ओम के म्यूजिक से जुड़ी पुरानी यादें शेयर कीं। फराह ने बताया कि फिल्म के संगीत के लिए वह सबसे पहले दिग्गज संगीतकार एआर रहमान के पास गई थीं। उनके मुताबिक, रहमान ने फिल्म के लिए एक गाना तैयार किया था, जिसका नाम मसकली था। हालांकि, बाद में म्यूजिक डायरेक्टर बदलने के कारण यह गाना ओम शांति ओम का हिस्सा नहीं बन सका।
बताया जाता है कि ओम शांति ओम के म्यूजिक को बाद में विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी की जोड़ी ने संभाला। फराह खान के मुताबिक, एआर रहमान के साथ रॉयल्टी में हिस्सेदारी को लेकर बात नहीं बन पाई थी, जिसके बाद वह फिल्म से अलग हो गए। विशाल ददलानी ने भी बातचीत के दौरान ओम शांति ओम के संगीत को याद किया और कहा कि फिल्म का मसाला म्यूजिक अपने आप में खास था। उन्होंने धूम ताना के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में एआई नहीं था, फिर भी टीम ने ऐसा गाना तैयार किया, जिसे आज भी लोग याद करते हैं।
मसकली आखिरकार राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म दिल्ली 6 का हिस्सा बना। साल 2009 में रिलीज हुई इस फिल्म में अभिषेक बच्चन और सोनम कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म का यह गाना बेहद लोकप्रिय हुआ और आज भी बॉलीवुड के यादगार गानों में गिना जाता है। इस खुलासे के बाद यह सवाल जरूर उठता है कि अगर मसकली, ओम शांति ओम में शामिल होता, तो शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म में इस गाने का अंदाज कैसा होता।