

Nora Fatehi Toy Plane Controversy: सोशल मीडिया पर बिना सोचे-समझे दिए गए रिएक्शन कभी-कभी बड़ा कानूनी बखेड़ा खड़ा कर देती हैं। बॉलीवुड की फेमस डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। एक प्राइवेट चार्टर्ड विमान में सफर के दौरान की गई टिप्पणी अब उनके लिए गले की फांस बन गई है। विमान को लेकर बनाई गई एक साधारण सी रील ने प्राइवेट एविएशन कंपनी के बिजनेस पर इतना गहरा असर डाला कि मामला सीधे कोर्ट तक पहुंच गया। इस पूरे मामले ने यह साबित कर दिया है कि सेलिब्रिटीज का हर एक शब्द व्यावसायिक इंडस्ट्री में कितना मायने रखता है।
ड्यून्स एविएशन नामक प्राइवेट विमानन कंपनी ने गुजरात के गांधीनगर कोर्ट में एक्ट्रेस के खिलाफ यह सिविल याचिका दाखिल की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि नोरा फतेही के अपमानजनक बयानों के कारण उनकी व्यावसायिक साख को भारी चोट पहुंची है। कंपनी ने क्षतिपूर्ति के तौर पर 3 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की कोर्ट इस संवेदनशील मामले पर 25 सितंबर को सुनवाई करने वाली है।
विवाद की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में हुई जब नोरा फतेही ने मुंबई से जयपुर की यात्रा के लिए सेसना साइटेशन CJ2 चार्टर्ड प्लेन किराए पर लिया था। यात्रा के दौरान उन्होंने चार्टेड प्लेन के अंदर के कुछ वीडियो बनाए और उन्हें इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया। इन वीडियोज में उन्होंने एयरक्राफ्ट को लेगो हवाई जहाज, खिलौना और बहुत छोटा प्लेन बता दिया था। कंपनी का कहना है कि बिना किसी तकनीकी जानकारी के दिए गए इन बयानों ने कस्टमर के मन में सुरक्षा को लेकर बेवजह डर पैदा कर दिया।
एविएशन फर्म का तर्क है कि इंस्टाग्राम पर 4.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स होने के कारण नोरा के बयानों का लोगों पर सीधा असर पड़ा। उनकी इस टिप्पणी के सार्वजनिक होने के बाद कई पुरानी बुकिंग्स कैंसिल हो गईं और नई बुकिंग्स में 15 से 20 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई। कंपनी ने साफ किया है कि उनका विमान नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डीजीसीए से पूरी तरह प्रमाणित है और वैध नियमों के तहत ही संचालित किया जा रहा था।
मुआवजे के अलावा याचिका में कोर्ट से यह मांग भी की गई है कि नोरा फतेही को उनके सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित सभी विवादित पोस्ट फौरन हटाने का निर्देश दिया जाए। साथ ही कंपनी चाहती है कि नोरा इस मामले पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण जारी करें ताकि उनके ब्रांड की साख दोबारा बहाल हो सके।
बता दें कि हाल ही में रिलीज हुए 'सीर सीर' सॉन्ग के रिलीज होने के महज 24 घंटों के अंदर इसे यूट्यूब पर 20 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका था। 'सीर सीर' ट्रैक ने इतनी तेजी से लोगों के दिलों में जगह बनाई है कि यह फीफा टूर्नामेंट की हिस्ट्री में अब तक का सबसे पसंदीदा और सबसे तेज देखे जाने वाले गानों की लिस्ट में सबसे ऊपर पर पहुंच गया है।