'रामायण' से 11 सेकंड का वीडियो लीक होने का दावा, सोशल मीडिया पर मची हलचल, जानिए क्या है पूरा मामला

Ramayana Viral Video: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' का 11 सेकंड का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में भगवान राम का युद्ध सीन होने का दावा किया जा रहा है।
Nitesh Tiwari and Ranbir Kapoor film Ramayana Movie Leak video
रणबीर कपूर की फिल्म रामायण (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Updated on

Ramayana Movie Leak: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मेगा बजट फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। फिल्म की शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन को लेकर मेकर्स पूरी गोपनीयता बरत रहे हैं, ताकि रिलीज से पहले कोई भी अहम सीन सार्वजनिक न हो।

सोशल मीडिया पर फिल्म का कथित 11 सेकंड का एक वीडियो वायरल होने का दावा किया जा रहा है, जिसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे क्लिप में दावा किया जा रहा है कि इसमें रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के रूप में युद्ध के दौरान अपने बाण से एक राक्षस का वध करते दिखाई दे रहे हैं। महज 11 सेकंड के इस वीडियो ने फैंस के बीच उत्सुकता तो बढ़ाई ही, साथ ही कई तरह के सवाल भी खड़े कर दिए।

यूजर्स ने जाहिर की नाराजगी

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस कथित लीक पर नाराजगी जताते हुए मेकर्स से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं कुछ लोगों ने वीडियो में दिख रहे विजुअल इफेक्ट्स की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और इसे उम्मीद से कमजोर बताया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल क्लिप फिल्म का अंतिम संस्करण है या किसी शुरुआती टेस्ट फुटेज का हिस्सा।

क्या जानबूझकर दिखाए गए थे अधूरे VFX

सोशल मीडिया पर एक और दावा तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह फुटेज लास वेगास में आयोजित एक विशेष फिल्म इवेंट के दौरान सीमित लोगों को दिखाया गया था। वहीं मौजूद एक कंटेंट क्रिएटर ने दावा किया कि मेकर्स ने जानबूझकर अधूरे या शुरुआती VFX वाला फुटेज दिखाया था, ताकि अगर वह लीक हो भी जाए तो दर्शकों का ध्यान केवल उसी पर जाए और फिल्म को मुफ्त में चर्चा मिल सके।

रामायण में नजर आएगी दमदार स्टारकास्ट

नितेश तिवारी की 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन, शीबा चड्ढा, कुणाल कपूर और फैसल मलिक जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com