

Nick Jonas Birthday Special Story: हॉलीवुड सिंगर, सॉन्गराइटर और एक्टर निक जोनस आज अपना 33वां जन्मदिन मना रहे हैं। अमेरिका के टेक्सास में जन्मे निक का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। बचपन से ही संगीत उनकी रगों में बसा था। उनके पिता चर्च में गायक और मां भी सिंगिंग से जुड़ी थीं। ऐसे माहौल में बड़ा होना ही उनकी जिंदगी की दिशा तय कर गया। छह साल की उम्र में ही उन्होंने अपनी गायकी से सबको चौंका दिया।
सात साल की उम्र में निक जोनस को थिएटर शो ए क्रिसमस कैरोल में अभिनय करने का मौका मिला। इसके साथ ही उन्होंने जॉय टू द वर्ल्ड गाना लिखा, जिसे रिकॉर्ड लेबल ने रिलीज किया। इस शुरुआती सफलता ने निक को आत्मविश्वास और पहचान दोनों दी। 2005 में निक ने अपने भाइयों जो और केविन के साथ मिलकर जोनस ब्रदर्स बैंड बनाया। इस बैंड ने कई हिट एल्बम दिए और लाखों युवाओं के दिलों पर राज किया। 2008 में बैंड को ग्रैमी अवॉर्ड्स में बेस्ट न्यू आर्टिस्ट के लिए नॉमिनेशन भी मिला। हालांकि 2012 में यह बैंड टूट गया, लेकिन 2019 में ‘सकर’ गाने के साथ उनकी शानदार वापसी हुई।
निक ने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया और डिज्नी चैनल के शो कैंप रॉक व हैना मोंटेना से लेकर जुमान्जी जैसी हॉलीवुड फिल्मों में नजर आए। उनकी निजी जिंदगी भी खूब सुर्खियों में रही। 14 साल की उम्र में उनका पहला प्यार डिज्नी स्टार माइली साइरस बनीं। इसके बाद उनका नाम सेलेना गोमेज, डेल्टा गुडरेम और मॉडल ओलिविया कल्पो जैसी हस्तियों से जुड़ा। लेकिन उनकी जिंदगी का सबसे अहम पड़ाव 2016 में आया जब ट्विटर पर उनकी मुलाकात प्रियंका चोपड़ा से हुई। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई।
साल 2017 में मेट गाला रेड कार्पेट पर दोनों पहली बार पब्लिक अपियरेंस में दिखे। निक ने प्रियंका को प्रपोज करने से पहले उनकी मां मधु चोपड़ा से आशीर्वाद लिया। 2018 में ग्रीस में डायमंड रिंग के साथ निक ने प्रियंका को घुटनों पर बैठकर प्रपोज किया। उसी साल दोनों की शाही शादी ने दुनियाभर में सुर्खियां बटोरीं। आज निक सिर्फ अपनी गायकी और अभिनय के लिए ही नहीं बल्कि प्रियंका चोपड़ा के पति और भारत के ‘नेशनल जीजू’ के नाम से भी मशहूर हैं। वे मानते हैं कि उनके गाने प्रियंका के लिए लिखे लव लेटर्स जैसे हैं।