

The Last Salute MiG 21 Documentary Release Date: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ऑपरेशन सफेद सागर की धूम मची हुई है। 1999 में हुए कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस को दिखाने वाली इस वेब सीरीज ने सभी को दीवाना बना दिया है।
ऑपरेशन सफेद सागर को मिलने वाले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद नेटफ्लिक्स ने एक और बड़ा फैसला ले लिया है। अब जल्द ही नेटफ्लिक्स पर MiG 21 से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री रिलीज की जाने वाली है। हालांकि ये डॉक्यूमेंट्री को अगस्त महीने में ही रिलीज किया जाना था, लेकिन अब ये गणतंत्र दिवस पर रिलीज होगी।
ऑपरेशन सफेद सागर में कारगिल युद्ध में दुश्मनों के हौसले पस्त करने वाली स्क्वाड्रन को गोल्डन एरोज नाम दिया गया था। इस टीम ने कारगिल युद्ध में MiG 21 से दुश्मनों के होश उड़ा दिए थे। इंडियन एयर फोर्स से रिटायर होने के पहले MiG 21 को आखिरी बार ऑपरेशन सफेद सागर में एक्शन करते देखा गया है। ऐसे में इस लड़ाकू विमान के योगदान की सराहना के लिए नेटफ्लिक्स MiG 21 पर आधारित डॉक्यूमेंट्री द लास्ट सैल्यूट लाने की तैयारी में है।
नेटफ्लिक्स की इस डॉक्यूमेंट्री में MiG 21 के भारतीय वायु सेना में 62 साल के सफर को दिखाया जाएगा। इसके अलावा इस डॉक्यूमेंट्री मे MiG 21 उड़ाने वाले जांबाज फाइटर पायलटों की कहानियों को काफी गहरायी से दिखाया जाएगा।
MiG 21 से जुड़ी ये कहानी को द लास्ट सैल्यूट नाम दिया गया है, जो 26 अगस्त 2027 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इस डॉक्यूमेंट्री को कुशल श्रीवास्तव ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसे मैचबॉक्स शॉट्स के द्वारा प्रोड्यूस किया जाएगा। इस डॉक्यूमेंट्री की सबसे खास बात ये होगी कि इसमें इंडियन एयर फोर्स एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह के साथ ही कुछ और फायटर पायलट भी नजर आने वाले हैं।
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि ऑपरेशन सफेद सागर को पूरे भारत और दुनिया से मिले प्यार को देखकर इस वेब सीरीज की पूरी टीम काफी इमोशनल हैं। इस वेब सीरीज को शूट करते समय इंडियन एयर फोर्स के फाइटर पायलट्स ने बताया कि MiG 21 उनके लिए सिर्फ एक मशीन नहीं बल्कि एक विरासत हैं। द लास्ट सैल्यूट इसी मशीन के 62 साल के सफर को दिखाने वाली है।
आपको बता दें कि ऑपरेशन सफेद सागर लगातार दूसरे हफ्ते नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 नॉन इंग्लिश टीवी शो की सूची में दूसरे स्थान पर बरकरार है। साथ ही ये वेब सीरीज दुनिया के 40 देशों में टॉप 10 की लिस्ट में जगह बना चुकी है और 10 से ज्यादा देशों में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है।