मुंबई की मूसलाधार बारिश से सितारों के घर भी नहीं बचे, अमिताभ बच्चन से लेकर अशनूर कौर तक प्रभावित
Amitabh Bachchan Home Flooding: मुंबई में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही हैं। अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, सनी देओल और अशनूर कौर के घरों के बाहर और अंदर तक पानी भरने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
- Written By: सोनाली झा
अमिताभ बच्चन, अजय देवगन और अशनूर कौर (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Amitabh Bachchan Rainwater: मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर महानगर की रफ्तार थाम दी है। सड़कों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर के बीच अब बॉलीवुड सितारे भी इस प्राकृतिक संकट की चपेट में आ गए हैं। महानायक अमिताभ बच्चन, अभिनेता अजय देवगन, सनी देओल और टीवी अभिनेत्री अशनूर कौर के घरों के आसपास पानी भरने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले के बाहर भारी जलभराव देखा जा सकता है। बारिश का पानी उनके पार्किंग एरिया तक पहुंच गया, जिससे पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए। वीडियो में बिग बी के दोनों बंगलों के बाहर सड़क पूरी तरह पानी में डूबी नजर आ रही है। इसी तरह अभिनेता अजय देवगन के बंगले के बाहर भी पानी जमा होने की तस्वीरें सामने आई हैं। दिलचस्प बात यह है कि अजय देवगन के घर के सामने ही सनी देओल का बंगला भी स्थित है, जहां भी बारिश का पानी भर गया।
अशनूर कौर ने वीडियो शेयर कर दिखाई घर की हालत
टीवी अभिनेत्री और ‘बिग बॉस 19’ की कंटेस्टेंट अशनूर कौर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनके अपार्टमेंट के अंदर तक पानी घुसता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में बालकनी से होते हुए पानी लिविंग एरिया तक पहुंच गया, जबकि घर का स्टाफ वाइपर की मदद से पानी बाहर निकालने की कोशिश करता नजर आया।
बारिश ने बढ़ाई मुंबईवासियों की मुश्किलें
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश जारी है। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। मुंबई की यह बारिश एक बार फिर यह दिखा रही है कि प्राकृतिक आपदाओं के सामने आम और खास सभी समान रूप से प्रभावित होते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो के बाद फैंस भी अपने पसंदीदा सितारों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
