

71st National Film Awards 2025: नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आज यानी 23 सितंबर को आयोजित 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2025 में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल को भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें बधाई दी और कहा कि मोहनलाल की छवि ‘द कंप्लीट एक्टर’ की है।
दरअसल, राष्ट्रपति ने मोहनलाल के चार दशकों से अधिक समय तक सिनेमा में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल अदाकारी के नए आयाम स्थापित किए हैं, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को भी अक्षुण्ण बनाए रखा। रंगमंच से लेकर सिनेमा तक उनके सफर का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने उनके उत्कृष्ट अभिनय की तारीफ की, विशेषकर संस्कृत एकांकी ‘कर्णभरम’ और मलयालम फिल्म ‘वानप्रस्थम’ में उनके अविस्मरणीय प्रदर्शन को सराहा।
हालांकि, राष्ट्रपति ने अपने आधिकारिक 'X' अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए खास अंदाज में लिखा कि, “मोहनलाल को दादासाहब फाल्के पुरस्कार मिलने पर हार्दिक बधाई। उन्होंने कोमल से कोमलतम और कठोर से कठोरतम भाव सहजता से प्रस्तुत किए हैं। उनकी छवि ‘द कंप्लीट एक्टर’ की बनी है।”
मोहनलाल, जिन्हें पहले पद्म भूषण, पद्म श्री और पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं, ने इस सम्मान को मलयालम फिल्म उद्योग के सभी दिग्गजों और पूरे फिल्म समुदाय को समर्पित किया। उन्होंने कहा, “सिनेमा मेरी आत्मा की धड़कन है। यह पुरस्कार मेरी प्रतिबद्धता और कला के प्रति प्रेम को और मजबूत करता है।”
71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में अन्य विजेताओं की भी घोषणा की गई। फीचर फिल्म श्रेणी में ‘द 12वीं फेल’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म, ‘फ्लावरिंग मैन’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म, जबकि ‘गॉड वल्चर’ और ‘ह्यूमन’ को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का पुरस्कार मिला।
आपको बता दें, इस साल के अवॉर्ड्स में बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान (फिल्म ‘जवान’) और विक्रांत मैसी (फिल्म ‘12वीं फेल’) को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। शाहरुख खान के लिए यह करियर का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। वहीं, रानी मुखर्जी को ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवॉर्ड मिला। वरिष्ठ अभिनेता विजयराघवन और मुथुपेट्टई सोमू भास्कर को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान दिया गया।
(एजेंसी इनपुट के साथ)