

Mirzapur The Movie Collection Day 3: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी सफलता के बाद जब 'मिर्जापुर' की टोली बड़े पर्दे पर उतरी, तो सिनेमाघरों में दर्शकों का हुजूम उमड़ पड़ा। 4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' ने अपने पहले ही वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। कालीन भैया और गुड्डू पंडित के फैंस ने फिल्म को इतना प्यार दिया है कि महज 3 दिनों के अंदर इस क्राइम-थ्रिलर फिल्म ने कमाई के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
गुरमीत सिंह के डायरेक्शन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म ने अपने पहले ही दिन 25.75 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन करके बेहद मजबूत शुरुआत की थी। इसके बाद शनिवार को दर्शकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई और फिल्म ने दूसरे दिन 32 करोड़ रुपये का बड़ा आंकड़ा छू लिया। शुरुआती 2 दिनों में ही 57.75 करोड़ रुपये बरोटने के बाद यह साफ हो गया था कि संडे को बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका होने वाला है।
पहले संडे को फिल्म की कमाई में एक बार फिर जबरदस्त उछाल देखा गया। सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ और 60 प्रतिशत से ज्यादा की ऑक्यूपेंसी के साथ फिल्म ने तीसरे दिन 27.57 करोड़ रुपये से ज्यादा की धमाकेदार नेट कमाई की। रविवार की इस तूफानी रफ्तार के साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 101.83 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया, जबकि ऑल इंडिया नेट कलेक्शन 85 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है।
फिल्म मिर्जापुर द मूवी की कहानी का मूल आधार भले ही फेमस वेब सीरीज पर आधारित हो, लेकिन बड़े पर्दे के लिए इसमें कई नए और रोमांचक मोड़ जोड़े गए हैं। इस बार कहानी में बब्बन बबुआ यानी रवि किशन की एंट्री हुई है जो एक खूंखार विलेन के रूप में सामने आए हैं। वह कालीन भैया यानी अभिनेता पंकज त्रिपाठी और उनके बेटे मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु को रास्ते से हटाकर मिर्जापुर की गद्दी पर अपना कब्जा जमाना चाहता है, जिससे दुश्मनी का नया दौर शुरू होता है।
फिल्म की सफलता का बड़ा श्रेय इसके दमदार स्टारकास्ट को जाता है जिन्होंने अपने किरदारों में जान फूंक दी है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की तिकड़ी के साथ-साथ जीतेंद्र कुमार, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी और कुलभूषण खरबंदा जैसे दिग्गज कलाकारों के एक्टिंग की जमकर सराहना हो रही है।