Mika Singh Birthday Special: दलेर मेहंदी के भाई से सुपरस्टार बनने तक, जानें मीका सिंह का विवादों और म्यूजिक से भरा सफर

सिंगर मीका सिंह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं और कई बार विवादों में भी आ चुके हैं। सिंगर आज, 10 जून को अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर चलिए उनके जीवन से जुड़े कुछ किस्से जानते हैं।
mika singh
मीका सिंह जन्मदिन (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

मुंबई: मीका सिंह, जिन्हें आज पूरे देश में एक सुपरहिट सिंगर और परफॉर्मर के तौर पर जाना जाता है, कभी सिर्फ मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी के छोटे भाई के रूप में पहचाने जाते थे। लेकिन अपने टैलेंट और अलग अंदाज़ के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में खुद की एक खास जगह बना ली है। आज यानी 10 जून को मीका सिंह अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर आइए जानते हैं उनके जीवन के कुछ रोचक किस्से।

मीका का म्यूजिक स्टाइल हमेशा से ही एनर्जेटिक और यूथ-कनेक्टिंग रहा है। दलेर मेहंदी के फेमस गाने “मैं डर दी रब रब कर दी…” को कंपोज करने का श्रेय मीका को ही जाता है। लेकिन 2008 में जब उनका सोलो एल्बम “सावन में लग गई आग” रिलीज हुआ, तब उन्होंने इंडस्ट्री में अपने नाम का डंका बजा दिया। इसके बाद उन्होंने पंजाबी म्यूजिक व बॉलीवुड दोनों में एक के बाद एक हिट गाने दिए और आज उनके फैंस देश ही नहीं, दुनिया भर में मौजूद हैं।

मीका सिंह का विवादों से रहा है गहरा नाता

हालांकि, मीका का करियर जितना चमकदार रहा है, उतना ही विवादों से भी भरा रहा है। सबसे चर्चित विवाद 2006 का है, जब उन्होंने अपने बर्थडे पार्टी के दौरान पब्लिकली राखी सावंत को जबरन किस कर दिया था। राखी ने इस पर कानूनी एक्शन लिया और मामला खूब तूल पकड़ा। हालांकि सालों बाद दोनों के रिश्ते सामान्य हो गए और अब वे एक-दूसरे को दोस्त बताते हैं।

इसके अलावा मीका सिंह का नाम फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान (KRK) के साथ विवाद में भी आया। मीका ने केआरके को फोन पर डांट लगाई थी और धमकी तक दे डाली थी। इस घटना ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।

साल 2022 में मीका सिंह ने एक बार फिर सबको चौंकाया जब वह ‘स्वयंवर-मीका दी वोटी’ नाम के शो में दुल्हन की तलाश में नजर आए। शो में 12 लड़कियों ने भाग लिया, लेकिन सबसे ज़्यादा चर्चा हुई आकांक्षा पुरी की वाइल्ड कार्ड एंट्री की। फिनाले में मीका ने उन्हें ही अपना पार्टनर चुना, लेकिन रियल लाइफ में दोनों का रिश्ता ज़्यादा दिन नहीं चला और अब वे भी एक-दूसरे को सिर्फ दोस्त बताते हैं।

रियलिटी शो में ढूंढ़ी थी दुल्हनिया

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com