

Highlights
टैफे ने मैसी फर्ग्यूसन ब्रांड के तहत ‘मिट्टी के मतवाले’ माइक्रो-ड्रामा सीरीज लॉन्च की है।
यह सीरीज 28 एपिसोड की है, जिसे मोबाइल पर देखने के लिए वर्टिकल फॉर्मेट में बनाया गया है।
अभिनेता हार्दिक जोशी इसमें आर्य नाम के मुख्य किरदार की भूमिका निभा रहे हैं।
Massey Ferguson Mitti Ke Matwale: डिजिटल दौर में ब्रांड अब ग्राहकों तक पहुंचने के लिए सिर्फ विज्ञापनों का सहारा नहीं ले रहे, बल्कि मनोरंजन के जरिए भी उनसे जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दिशा में ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड ने अपने मशहूर ट्रैक्टर ब्रांड मैसी फर्ग्यूसन के लिए एक अनूठी पहल की है। कंपनी ने ‘मिट्टी के मतवाले’ नाम से 28 एपिसोड की माइक्रो-ड्रामा सीरीज पेश की है। इसे भारतीय ट्रैक्टर इंडस्ट्री में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है।
‘मिट्टी के मतवाले’ एक वर्टिकल शॉर्ट्स सीरीज है, जिसे मोबाइल पर देखने के हिसाब से छोटे-छोटे एपिसोड में तैयार किया गया है। टैफे ओरिजिनल के तौर पर पेश इस सीरीज के जरिए कंपनी पहली बार मनोरंजन के माध्यम से अपनी ब्रांड कहानी दर्शकों तक पहुंचा रही है। इसके एपिसोड मैसी फर्ग्यूसन इंडिया के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मुफ्त में देखे जा सकते हैं। सीरीज की स्ट्रीमिंग 15 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई थी और इसके एपिसोड रोजाना जारी किए जा रहे हैं।
सीरीज में अभिनेता हार्दिक जोशी मुख्य किरदार आर्य की भूमिका निभा रहे हैं। सीरीज की कहानी एक ऐसे नौजवान की है, जो परिवार पर आए अचानक संकट के बाद अपने गांव लौटता है। उसकी यह वापसी धीरे-धीरे एक बड़े सफर में बदल जाती है। इस सफर में पिता का अधूरा सपना, गांव के लोगों की उम्मीदें और कई मुश्किल चुनौतियां शामिल हैं।
कहानी परिवार, रिश्तों, गांव के जीवन और कुछ कर दिखाने के जज्बे के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इसमें ग्रामीण भारत की जिंदगी, लोगों के सपने और उनका संघर्ष दिखाया गया है। खास बात यह है कि मैसी फर्ग्यूसन ट्रैक्टर को कहानी में किसी विज्ञापन की तरह नहीं, बल्कि गांव की जिंदगी और किरदारों के सफर के स्वाभाविक हिस्से के रूप में पेश किया गया है।
टैफे की स्थापना 1960 में चेन्नई में हुई थी। कंपनी हर साल 2.14 लाख से ज्यादा ट्रैक्टर बेचती है और भारत की प्रमुख ट्रैक्टर निर्माता कंपनियों में शामिल है। ‘मिट्टी के मतवाले’ के जरिए कंपनी पारंपरिक प्रचार से आगे बढ़कर किसान समुदायों से उनकी अपनी जिंदगी और सपनों की कहानियों के माध्यम से जुड़ना चाहती है।
यह पहल दिखाती है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छोटे वीडियो और माइक्रो-ड्रामा ब्रांड के लिए ग्राहकों से जुड़ने का नया माध्यम बन रहे हैं। सीरीज में गांव की मिट्टी, रिश्तों और संघर्षों को केंद्र में रखकर मैसी फर्ग्यूसन ने अपनी ब्रांड पहचान को एक नई कहानी के साथ जोड़ने की कोशिश की है।