

Highlights
इमरान हाशमी जल्द ही टिप्स फिल्म्स की हॉरर-म्यूजिकल फिल्म 'रूह' में नजर आएंगे।
फिल्म में हॉरर, रोमांस और संगीत का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
इमरान हाशमी की फिल्म 'रूह' साल 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
Emraan Hashmi New Film Rooh: बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर दर्शकों को डराने और रोमांचित करने की तैयारी में हैं। अपनी आगामी फिल्म 'गनमास्टर G9' को लेकर चर्चा में चल रहे अभिनेता के खाते में एक और बड़ा प्रोजेक्ट जुड़ गया है। इमरान जल्द ही हॉरर-म्यूजिकल फिल्म 'रूह' में नजर आएंगे।
इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें डर और रोमांस के साथ संगीत का भी जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को लेकर भी जानकारी शेयर कर दी है। यह फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। टिप्स फिल्म्स की आगामी फिल्म 'रूह' को एक खास हॉरर-म्यूजिकल प्रोजेक्ट बताया जा रहा है।
इमरान हाशमी की फिल्म में डर, रोमांस और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इसके संगीत की जिम्मेदारी टिप्स म्यूजिक संभालेगा। ऐसे में फिल्म के गानों और बैकग्राउंड म्यूजिक को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं, जो अमेजन प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज 'ब्रीथ' के लिए जाने जाते हैं। फिल्म का स्क्रीनप्ले मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने मिलकर लिखा है।
'रूह' साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज करने की तैयारी है। विक्ड फिल्म्स प्रोडक्शंस के निर्माता विक्रम खाखर ने इस प्रोजेक्ट को खास बताते हुए कहा कि टिप्स फिल्म्स और टिप्स म्यूजिक का साथ जुड़ना उनके लिए एक अहम पड़ाव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों में एक यादगार हॉरर अनुभव देगी।
इमरान हाशमी इससे पहले भी हॉरर जॉनर में अपनी पहचान बना चुके हैं। वह 'राज: द मिस्ट्री कंटीन्यूज' और 'एक थी डायन' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इन फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया था। अब 'रूह' के जरिए वह एक बार फिर इसी जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं।
वहीं, अभिनेता की दूसरी आगामी फिल्म 'गनमास्टर G9' भी चर्चा में है। आदित्य दत्त के निर्देशन में बन रही इस एक्शन-रोमांटिक थ्रिलर में इमरान के साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना नजर आएंगे। ऐसे में आने वाले समय में इमरान के पास एक्शन और हॉरर, दोनों जॉनर के दिलचस्प प्रोजेक्ट्स हैं।