Manoj Bajpayee की फिल्म 'गवर्नर’ का ट्रेलर रिलीज, 1990 के आर्थिक संकट की कहानी ने खींचा लोगों का ध्यान

Governor Trailer Out: मनोज बाजपेयी की फिल्म गवर्नर का ट्रेलर रिलीज हो गया है। मनोज बाजपेयी फिल्म में आरबीआई गवर्नर के रोल में नजर आएंगे, जो देश को आर्थिक संकट से बचाने की कोशिश करता है।
Manoj Bajpayee Film Governor Trailer Economic Crisis Javed Akhtar
मनोज बाजपेयी की गवर्नर का ट्रेलर रिलीज (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Manoj Bajpayee Film Governor Trailer: बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी एक बार फिर दमदार किरदार के साथ बड़े पर्दे पर लौटने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म 'गवर्नर’ का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया, जिसने आते ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फिल्म की कहानी भारत के उस मुश्किल दौर पर आधारित है, जब 1990 के दशक में देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था। उस समय हालात इतने खराब हो चुके थे कि भारत दिवालिया होने की कगार पर पहुंच गया था।

ट्रेलर में देश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति, लोगों के डर और सरकार की चिंता को बेहद गंभीर और प्रभावशाली अंदाज में दिखाया गया है। फिल्म का माहौल तनाव और अनिश्चितता से भरा नजर आता है, जहां हर फैसला देश के भविष्य को तय करता दिखाई देता है। फिल्म में मनोज बाजपेयी भारतीय रिजर्व बैंक यानी आरबीआई के गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं।

फिल्म का ट्रेलर

ट्रेलर में उनका किरदार शांत लेकिन बेहद मजबूत व्यक्तित्व के रूप में सामने आता है। वह देश की डूबती अर्थव्यवस्था को संभालने और भारत को आर्थिक संकट से बाहर निकालने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। मनोज बाजपेयी का गंभीर अभिनय और संवाद अदायगी दर्शकों को काफी प्रभावित कर रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके रोल की तारीफ कर रहे हैं। कई दर्शकों का मानना है कि यह फिल्म उनके करियर की एक और शानदार परफॉर्मेंस साबित हो सकती है।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही कहानी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। माना जा रहा है कि मनोज बाजपेयी का किरदार पूर्व आरबीआई गवर्नर एस वेंकटरमणन से प्रेरित हो सकता है। वह 1991 के आर्थिक संकट के दौरान आरबीआई के गवर्नर थे और देश को संकट से बाहर निकालने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। हालांकि, फिल्म निर्माताओं ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

संगीत और निर्देशन ने बढ़ाई फिल्म की खासियत

फिल्म को सनशाइन पिक्चर्स प्रस्तुत कर रही है। इसका निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है, जबकि निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने संभाला है। कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। फिल्म के संगीत पर भी खास ध्यान दिया गया है। मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने इसके गाने लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया है। फिल्म ‘गवर्नर’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com