मामला लीगल है 2 का ट्रेलर रिलीज, जज के रोल में दिखेंगे रवि किशन, दिनेश लाल यादव की एंट्री से आएगा मजा

Ravi Kishan Judge Role: मामला लीगल है 2 जल्द नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाला है। ट्रेलर में पटपड़गंज कोर्ट के नए और मजेदार केस दिखाए गए हैं। इस बार रवि किशन वकील नहीं बल्कि जज के रोल में नजर आएंगे।
Season 2 of Maalaal Legal Hai is going to be released soon on Netflix
मामला लीगल है 2 का ट्रेलर (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maamla Legal Hai 2 Trailer: नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय कोर्टरूम-कॉमेडी सीरीज मामला लीगल है का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाला है। मेकर्स ने बुधवार शाम इसका मजेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। सीरीज का दूसरा सीजन 3 अप्रैल 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। ट्रेलर में एक बार फिर पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की वही अनोखी दुनिया दिखाई गई है, जहां अजीबोगरीब केस और हास्य से भरे हालात देखने को मिलते हैं।

ट्रेलर की शुरुआत पटपड़गंज डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की हलचल से होती है, जहां रोज की तरह नए-नए और अजीब केस सामने आते हैं। कभी बिजली से जुड़ा अटपटा मामला, तो कभी स्टिंग ऑपरेशन और सीक्रेट लव अफेयर जैसे केस कोर्ट में पहुंचते नजर आते हैं। वकीलों की टीम इन मामलों को अपने अनोखे अंदाज और चतुराई से सुलझाती दिखाई देती है, जिससे कोर्टरूम का माहौल हल्का-फुल्का और मजेदार बना रहता है।

नेटफ्लिक्स ने शेयर किया ट्रेलर

नेटफ्लिक्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा कि वही गजब टीम के साथ नए अजब केस सॉल्व करने का इंतजार नहीं कर सकता। मामला लीगल है सीजन 2, 3 अप्रैल को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर। इस नए सीजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि रवि किशन का किरदार वीडी त्यागी इस बार वकील नहीं बल्कि जज के रूप में नजर आएगा। पहले सीजन में वह कोर्ट में वकील के तौर पर बहस करते दिखे थे, लेकिन अब वह जज की कुर्सी पर बैठकर फैसले सुनाते दिखाई देंगे।

पुरानी टीम के साथ नए चेहरों की एंट्री

ट्रेलर में यह भी संकेत मिलता है कि जज बनने के बाद त्यागी के सामने और भी बड़ी जिम्मेदारियां और मुश्किल हालात आने वाले हैं। इससे कहानी में नए ट्विस्ट और मजेदार स्थितियां पैदा होंगी। सीरीज के दूसरे सीजन में नायला ग्रेवाल, अनंत वी जोशी और निधि बिष्ट अपने-अपने लोकप्रिय किरदारों में वापसी कर रहे हैं। वहीं इस बार शो में कुशा कपिला और दिनेश लाल यादव की एंट्री भी हुई है, जो कहानी में नया जोश और दिलचस्प मोड़ लेकर आएंगे।

मेकर्स और क्रिएटिव टीम

इस सीरीज को पोशम पा पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है। शो के शोरनर समीर सक्सेना हैं, जबकि दूसरे सीजन का निर्देशन राहुल पांडे ने किया है। इस सीरीज की दुनिया और किरदारों को सौरभ खन्ना और कुणाल अनेजा ने क्रिएट किया है, जबकि कहानी को सैयद शादान, मोहक अनेजा और तत्सत पांडे ने लिखा है। मजेदार किरदार, अजीबोगरीब केस और कोर्टरूम की हल्की-फुल्की कॉमेडी के साथ ‘मामला लीगल है 2’ दर्शकों को एक बार फिर हंसाने के लिए तैयार है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पटपड़गंज कोर्ट में इस बार कौन-कौन से नए मामले और किस तरह के हास्यास्पद मोड़ सामने आते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com