

Sanjay Leela Bhansali Love and War: हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के शानदार पोस्टर्स सामने आने के बाद अब मेकर्स ने इस सिनेमैटिक सफर का सबसे अहम और पावरफुल पत्ता भी खोल दिया है। फिल्म से विक्की कौशल का फर्स्ट लुक आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया गया है, जिसने इंटरनेट पर आते ही तहलका मचा दिया है।
सामने आए फर्स्ट लुक पोस्टर में विक्की कौशल का एक ऐसा लुक देखने को मिल रहा है, जो दर्शकों ने इससे पहले कभी नहीं देखा। हाथ में सिगरेट और लाइटर थामे विक्की के चेहरे पर एक अलग ही इंटेंसिटी नजर आ रही है। उनकी गहरी और तीखी निगाहें उनके रोल में छिपे गहरे राज और गंभीरता को बयां करती हैं। भंसाली की भव्य और रहस्यमयी दुनिया में विक्की कौशल का यह अंदाज उनके फैंस को पूरी तरह से दीवाना बना रहा है।
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फर्स्ट लुक पोस्टर्स ने पहले ही कहानी की विजुअल दुनिया की एक झलक दिखा दी थी। अब विक्की कौशल के इस पोस्टर ने फिल्म के ड्रामा और रोमांच को दुगना बढ़ा दिया है। तीनों स्टार्स की अपनी अलग पर्सनैलिटी इस कहानी को और ज्यादा दिलचस्प बना रही है। इस नए पोस्टर के जरिए फिल्म में छुपी कई परतों वाले रिश्तों और उनके बीच के कड़े तनाव का साफ इशारा मिलता है।
'लव एंड वॉर' को भारतीय सिनेमा के इतिहास का एक बेहद अनोखा प्रोजेक्ट माना जा रहा है। भंसाली के डायरेक्शन में पहली बार रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल जैसे 3 दिग्गज स्टार्स एक साथ बड़े पर्दे पर स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। भंसाली जिस भव्यता और बारीकी के साथ अपने कलाकारों को पेश करने के लिए जाने जाते हैं, विक्की का यह लुक उसी सिनेमाई जादू का एक प्रत्यक्ष प्रमाण बनकर उभरा है।
संजय लीला भंसाली द्वारा डायरेक्टिड फिल्म 21 जनवरी 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज की जाएगी। मेकर्स इस फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज कर रहे हैं। जिस तरह से फिल्म के शुरुआती पोस्टर्स को दुनिया भर से बेपनाह प्यार मिल रहा है, उससे यह साफ है कि यह फिल्म रिलीज होते ही कमाई के नए रिकॉर्ड बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।