

Rajkummar Rao Film Prahaar: राजकुमार राव की अपकमिंग फिल्म 'प्रहार' इन दिनों चर्चा में है। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ, जिसके बाद कहानी के साथ-साथ इसके कलाकारों की भी चर्चा हो रही है। यह फिल्म देश के चर्चित सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म में मराठी अभिनेता ललित प्रभाकर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
ललित प्रभाकर ने फिल्म में 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब का किरदार निभाया है। फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ललित का जन्म महाराष्ट्र के कल्याण में हुआ। अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने थिएटर में काम किया। रंगमंच से मिले अनुभव ने उन्हें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने की मजबूत नींव दी। ललित को पर्दे पर अपने किरदारों में आसानी से ढल जाने वाले कलाकारों में गिना जाता है।
ललित प्रभाकर को मराठी टेलीविजन के लोकप्रिय शो 'जुलून येती रेशीमगाथी' से बड़ी पहचान मिली। इस सीरियल में उन्होंने 'आदित्य देसाई' का किरदार निभाया था। शो की लोकप्रियता के साथ ललित भी दर्शकों के बीच काफी मशहूर हो गए। इसके बाद उन्होंने कई टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया और मराठी दर्शकों के बीच अपनी मजबूत जगह बनाई।
टेलीविजन के बाद ललित ने फिल्मों का रुख किया और कई चर्चित मराठी फिल्मों में नजर आए। उन्होंने ची वा ची सौ का, आनंदी गोपाल, हम्पी और मी वसंतराव जैसी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों के जरिए उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता साबित की। ललित प्रभाकर ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी काम किया है। वह लोकप्रिय वेब सीरीज 'पेट पुराण' में नजर आए, जिसमें उनके अभिनय को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। टीवी, फिल्मों और OTT के बीच उन्होंने लगातार अलग तरह के किरदार चुनने की कोशिश की है।
ललित प्रभाकर के लिए 'प्रहार' का किरदार इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें वह अपने अब तक के कई किरदारों से बिल्कुल अलग भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में उनका किरदार नकारात्मक है और वह अजमल कसाब की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले वह इमरान हाशमी की फिल्म 'ग्राउंड जीरो' में भी काम कर चुके हैं। अब 'प्रहार' में उनका नया अवतार दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।