

40 की उम्र में खुद को 'लूजर' बोले कुशा कपिला के एक्स पति जोरावर
टूटी शादी, गई नौकरी और छूटा घर, इमोशनल वीडियो में बयां किया दर्द
मानसिक सेहत और बिजनेस प्रोजेक्ट्स के चलते सोशल मीडिया से बनाई थी दूरी
Kusha Kaplia Ex Husband Zorawar Singh Ahluwalia Video: सोशल मीडिया पर जहां लोग अपने जीवन के सबसे खूबसूरत लम्हों को शेयर करते हैं, तो वहीं कई बार ये दर्द जाहिर करने का भी जरिया बन जाता है।
हाल ही में थैंक यू फॉर कमिंग की एक्ट्रेस कुशा कपिला के एक्स हसबैंड और यूट्यूबर जोरावर सिंह अहलूवालिया ने इंस्टाग्राम पर अपना दर्द बयां किया है। लंबे समय से सोशल मीडिया से गायब जोरावर सिंह ने एक इमोशनल वीडियो शेयर किया है।
जोरावर सिंह अहलूवालिया ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल वीडियो शेयर कर अपने जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के बारे में बात की है। उन्होंने इस वीडियो में अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर, टूटी शादी, नौकरी छूटने और घर खोने जैसी परेशानियों के बारे में बात की। 40 साल की उम्र में खुद को लूजर बताने वाले जोरावर ने अपनी बात उम्मीद और आत्मविश्वास के साथ खत्म की।
जोरावर सिंह अहलूवालिया ने इस वीडियो में सोशल मीडिया से ब्रेक लेने को लेकर भी बात कही। जोरावर ने बताया कि उन्होंने 2 कारणों से सोशल मीडिया से दूरी बनायी। पहला कारण उनकी मानसिक सेहत थी, जबकि दूसरी वजह कुछ बिजनेस प्रोजेक्ट्स थे, जिनके चलते वह कैमरे और लाइमलाइट से दूर रहना चाहते थे।
साथ ही जोरावर ने बताया कि उस समय वह मानसिक रूप से ठीक नहीं थे और उन्हें खुद के लिए समय की जरूरत थी। इसके बाद जोरावर ने अपनी जिंदगी से जुड़ी एक ऐसी बात स्वीकार की, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। उन्होंने कहा मैं एक लूजर हूं।
जोरावर ने इस वीडियो में बताया कि पिछले कुछ साल उनके लिए काफी मुश्किल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जिंदगी में उन चीजों को खोया, जो कभी उनके लिए बेहद अहम हुआ करती थीं। उनकी शादी टूट गई, कॉर्पोरेट नौकरी चली गई और जिस घर को उन्होंने अपने लिए बनाया था, वह भी उनके हाथ से निकल गया।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इन घटनाओं का असर उनके आत्मसम्मान और आत्मविश्वास पर पड़ा। दूसरों से खुद की तुलना करने की आदत ने भी उन्हें मानसिक रूप से काफी परेशान किया। जोरावर के मुताबिक, इन सबके बीच उन्होंने अपना पुराना व्यक्तित्व भी खो दिया।
कुशा कपिला और जोरावर सिंह अहलूवालिया ने लगभग 6 सालों तक साथ रहने के बाद 26 जून 2023 को अलग होने का फैसला लिया था। दोनों ने सोशल मीडिया पर साझा बयान जारी कर बताया था कि वे आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं।
उन्होंने कहा था कि जिंदगी को लेकर उनके लक्ष्य और प्राथमिकताएं अब अलग हो चुकी हैं। तलाक की खबर सामने आने के बाद कुशा को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। वहीं, इस मुश्किल समय में उनके फैंस और जोरावर ने भी उनके सपोर्ट में अपनी बात रखी थी।