

Kritika Kamra And Gaurav Kapur Wedding: टेलीविजन से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस कृतिका कामरा अब अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत कर चुकी हैं। कृतिका ने अपने बॉयफ्रेंड गौरव कपूर के साथ शादी रचा ली है। दोनों ने बेहद निजी और इंटिमेट समारोह में सात फेरे लिए, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए। शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा मीडिया के सामने आया और पैपराजी को पोज भी दिए।
अपनी शादी के खास मौके पर कृतिका कामरा ने पारंपरिक लाल रंग की सिल्क साड़ी पहनी, जिसमें वह बेहद खूबसूरत नजर आईं। उन्होंने इस साड़ी के साथ स्लीवलेस ब्लाउज स्टाइल किया था, जो उनके ब्राइडल लुक को और भी एलिगेंट बना रहा था। एक्ट्रेस ने अपने लुक को ज्यादा हैवी नहीं रखा। उन्होंने गले में एक चोकर और एक लॉन्ग नेकलेस पहना था। इसके साथ मैचिंग ईयररिंग्स और एक हाथ में कंगन उनके लुक को परफेक्ट बना रहे थे। कृतिका की ब्राइट रेड साड़ी पर पतली गोल्डन बॉर्डर थी, जो उनके पूरे ब्राइडल अवतार को क्लासी टच दे रही थी।
वहीं दूल्हे राजा गौरव कपूर भी अपनी शादी में काफी स्टाइलिश नजर आए। उन्होंने गोल्डन रंग का बंदगला सूट पहना था, जिसके साथ व्हाइट पैंट कैरी की। इस लुक में गौरव बेहद हैंडसम लग रहे थे। शादी के बाद जब कृतिका और गौरव मीडिया के सामने आए तो दोनों बेहद खुश नजर आए। नवविवाहित कपल ने हाथों में हाथ थामे पैपराजी के सामने मुस्कुराते हुए पोज दिए। दोनों ने हाथ जोड़कर मीडिया का धन्यवाद भी किया। इस दौरान उनकी केमिस्ट्री साफ नजर आ रही थी और फैंस भी इस कपल को साथ देखकर काफी खुश दिखाई दिए।
सिर्फ पोज देने तक ही नहीं, बल्कि कपल ने अपनी खुशी पैपराजी के साथ भी बांटी। कृतिका कामरा और गौरव कपूर ने शादी की मिठाई भी मीडिया को बांटी। यह छोटा सा जेस्चर फैंस को काफी पसंद आया और सोशल मीडिया पर लोग इस कपल की सादगी और खुशमिजाज अंदाज की तारीफ कर रहे हैं। कृतिका और गौरव की शादी के बाद 12 मार्च को एक खास आफ्टर पार्टी आयोजित की जाएगी। बताया जा रहा है कि यह रिसेप्शन से थोड़ा अलग और खास होने वाला है।
पार्टी का थीम काफी दिलचस्प रखा गया है, जिसमें जैज नाइट और स्पीक-ईज़ी बार का माहौल होगा। मेहमानों को जल्दी आने और आराम से बैठकर पूरी रात सेलिब्रेशन का आनंद लेने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि कृतिका कामरा और गौरव कपूर ने पिछले साल के अंत और इस साल की शुरुआत में अपने रिश्ते का खुलासा किया था। हालांकि उन्होंने कभी खुलकर ज्यादा बात नहीं की, लेकिन अब अचानक शादी कर दोनों ने अपने फैंस को सरप्राइज दे दिया है।