

Shahid Kapoor Film Cocktail 2 Advance Booking: शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ इन दिनों रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है। 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म कॉकटेल के सीक्वल के रूप में आ रही यह फिल्म एडवांस बुकिंग के मामले में भी मजबूत शुरुआत करती नजर आ रही है।
फिल्म की एडवांस बुकिंग 14 जून से शुरू हुई थी। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, बुकिंग शुरू होने के पहले 24 घंटों के भीतर करीब 21 हजार टिकट बिक गए थे। इसके बाद भी टिकटों की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार शाम तक ओपनिंग डे के लिए लगभग 24,500 से ज्यादा टिकट बुक हो चुके थे।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म कोई बड़े पैमाने की एक्शन एंटरटेनर नहीं है और इसमें पारंपरिक अर्थों में कोई मेगा सुपरस्टार भी नहीं है। फिल्म की रिलीज से पहले अभी दो दिन का समय बाकी है। ऐसे में ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि एडवांस बुकिंग के आंकड़े और बेहतर हो सकते हैं। यदि टिकट बिक्री की यही रफ्तार बनी रहती है तो फिल्म को रिलीज के दिन मजबूत ओपनिंग मिल सकती है।
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, मौजूदा बुकिंग ट्रेंड्स को देखते हुए ‘कॉकटेल 2’ पहले दिन 12 से 15 करोड़ रुपये के बीच का कारोबार कर सकती है। यदि फिल्म 15 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचती है तो यह इस साल की बेहतर ओपनिंग हासिल करने वाली फिल्मों में शामिल हो सकती है।
साल 2012 में रिलीज हुई पहली ‘कॉकटेल’ का निर्देशन भी होमी अदजानिया ने किया था। यह फिल्म साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म कॉकटेल का सीक्वल है, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। नई फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की तिकड़ी पहली बार साथ दिखाई देगी। उस फिल्म ने अपने पहले दिन करीब 10.95 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अब सभी की नजरें 19 जून पर टिकी हैं, जब फिल्म की असली परीक्षा बॉक्स ऑफिस पर होगी।