Shah Rukh Khan की 'मैं हूं ना' का कोरियाई वर्शन? फैंस ने टीजर पर दिया मजेदार रिएक्शन! (सौ. सोशल मीडिया)
मुंबई: कोरियन ड्रामा यानी के-ड्रामा के फैंस भारत में तेजी से बढ़ रहे हैं। नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई स्क्विड गेम जैसी सीरीज को भारतीय दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला था। कोरियन रोमांटिक सीरीज की कहानी कहने की शैली 90 के दशक की बॉलीवुड फिल्मों से मिलती-जुलती होती है, जिससे भारतीय दर्शक उनमें शाहरुख खान की फिल्मों वाला नॉस्टैल्जिया महसूस करते हैं। यही कारण है कि कोरियन ड्रामा, अपनी अनूठी कहानियों और आकर्षक प्रस्तुतिकरण की वजह से भारत समेत दुनियाभर में लोकप्रिय हो रहे हैं।
हाल ही में कोरियन एक्शन-कॉमेडी शो ‘अंडरकवर हाईस्कूल’ का टीजर रिलीज़ हुआ, और भारतीय दर्शकों ने इसमें भी शाहरुख खान को ढूंढ लिया। दरअसल, 2004 में आई शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘मैं हूं ना’ से इसकी तुलना होने लगी है।
7 जनवरी को रिलीज़ हुए इस टीजर में कोरियन एक्टर और सिंगर सियो कांग जून एक खुफिया एजेंट की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिसे किसी कारणवश डिमोट कर दिया जाता है और वह एक हाईस्कूल स्टूडेंट के रूप में अंडरकवर मिशन पर भेजा जाता है। वहां पर वह दुश्मनों से लड़ता हुआ नजर आता है।
यहां देखें टीजर-
टीजर वायरल होते ही भारतीय फैंस इसकी तुलना शाहरुख खान की ‘मैं हूं ना’ से करने लगे। इस फिल्म में शाहरुख ने मेजर राम प्रसाद शर्मा का किरदार निभाया था, जो एक अंडरकवर मिशन के तहत कॉलेज में दाखिला लेते हैं और दुश्मनों से लड़ते हैं। एक फैन ने कमेंट किया, “यह तो कोरियन मैं हूं ना लग रहा है!” वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “कोरियन मेजर राम प्रसाद शर्मा मिल गया, अब मिस चांदनी कहां हैं?” बता दें कि ‘मैं हूं ना’ में मिस चांदनी का किरदार सुष्मिता सेन ने निभाया था।
कोरियन शो ‘अंडरकवर हाईस्कूल’ का निर्देशन चोई जंग इन ने किया है और यह 21 फरवरी 2025 को रिलीज़ होगा। अब भारतीय दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि यह शो वास्तव में “मैं हूं ना” से प्रेरित है या सिर्फ संयोग।
मनोरंजन से जुड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब बॉलीवुड और कोरियन सिनेमा में समानताएं देखी गई हैं। बॉलीवुड में कई फिल्में कोरियन फिल्मों से प्रेरित रही हैं। संजय दत्त की जिंदा कोरियन फिल्म ओल्डबॉय का हिंदी रीमेक थी, वहीं एक विलेन भी कोरियन फिल्म आई सॉ द डेविल से प्रेरित थी। ऐसे में “अंडरकवर हाईस्कूल” और “मैं हूं ना” की तुलना ने भारतीय दर्शकों की दिलचस्पी और भी बढ़ा दी है।