केएल राहुल के शतक पर झूमे ससुर सुनील शेट्टी, पोस्ट शेयर कर बोले- ‘तुम पर गर्व है बेटा’

Suniel Shetty Reaction: भारत-न्यूजीलैंड वनडे में केएल राहुल के शानदार शतक पर ससुर सुनील शेट्टी का दिल छू लेने वाला रिएक्शन सामने आया, सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्होंने दमाद पर गर्व किया।
Suniel Shetty On KL Rahul Innings Share Post
सुनील शेट्टी, केएल राहुल (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Suniel Shetty On KL Rahul Innings: क्रिकेट और बॉलीवुड का रिश्ता हमेशा से खास रहा है। जब भी मैदान पर कोई बड़ी पारी खेली जाती है, तो उसकी गूंज फिल्मी गलियारों तक सुनाई देती है। इस बार चर्चा में हैं टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल और उनके ससुर, बॉलीवुड के ‘अन्ना’ यानी सुनील शेट्टी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सभी का दिल जीत लिया।

राजकोट में हुए इस मैच में केएल राहुल ने 92 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए। उनकी यह पारी न सिर्फ भारत की जीत में अहम साबित हुई, बल्कि आलोचकों को भी करारा जवाब दे गई। राहुल की इस शानदार इनिंग को देखकर सुनील शेट्टी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने दामाद की जमकर तारीफ की।

राहुल की पारी पर अन्ना का दिल जीत लेने वाला पोस्ट

सुनील शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर केएल राहुल के शतकीय शॉट का वीडियो शेयर किया। इसके साथ उन्होंने एक बेहद भावुक कैप्शन लिखा, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया। सुनील ने लिखा, “अलग पोजीशन, वही शांत तरीका, वही कैरेक्टर। स्कोरबोर्ड भले ही शतक याद रखे, लेकिन मैं हमेशा उसके पीछे की शांति को याद रखूंगा। तुम पर गर्व है बेटे।”

इस पोस्ट से साफ झलकता है कि सुनील शेट्टी राहुल की बल्लेबाजी से ज्यादा उनके स्वभाव और संयम की तारीफ कर रहे हैं। फैंस को भी यह अंदाज खूब पसंद आ रहा है और पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

परिवार का हमेशा मिला है सपोर्ट

बता दें कि सुनील शेट्टी की बेटी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अथिया शेट्टी ने साल 2023 में केएल राहुल से शादी की थी। शादी के बाद से ही शेट्टी परिवार कई बार राहुल को सपोर्ट करते नजर आया है, चाहे वह मैदान पर आलोचना का दौर हो या शानदार वापसी का पल।

फिल्मों में वापसी को तैयार हैं सुनील शेट्टी

वर्कफ्रंट की बात करें तो सुनील शेट्टी भी इन दिनों सुर्खियों में हैं। वह जल्द ही ‘वेलकम टू द जंगल’ और बहुप्रतीक्षित ‘हेरा फेरी 3’ में नजर आने वाले हैं। हालांकि ‘हेरा फेरी 3’ की ऑफिशियल अनाउंसमेंट का फैंस अभी भी इंतजार कर रहे हैं। इन फिल्मों के जरिए अन्ना एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने वाले हैं। कुल मिलाकर, केएल राहुल का शतक सिर्फ एक क्रिकेटिंग अचीवमेंट नहीं, बल्कि परिवार के लिए गर्व का पल बन गया है और सुनील शेट्टी की प्रतिक्रिया ने इसे और भी खास बना दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com