

KBC 18 Promo Aamir Khan Sunny Deol: सोनी टीवी के सबसे चर्चित क्विज रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति जल्द ही टीवी पर वापसी करने जा रहा है। हाल ही में शो से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आयी है।
कौन बनेगा करोड़पति का नया प्रोमो फैंस के सामने आ गया है, जिसमें मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और सनी देओल हॉटसीट पर विराजमान नजर आ रहे हैं। दोनों कलाकारों की शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के साथ अलग ही बॉन्डिंग देखने के लिए मिल रही है।
प्रोमो में आमिर खान और अमिताभ बच्चन के बीच दिलचस्प बातचीत देखने को मिल रही है। आमिर, शो की इस बार की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ को लेकर बिग बी से सवाल करते हैं कि आखिर उन्हें क्या सोचना पड़ेगा। इस पर अमिताभ बच्चन अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए कहते हैं कि उन्हें देखकर आमिर को कोई फायदा नहीं होने वाला। आमिर भी तुरंत मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं, जिससे दोनों के बीच की नोकझोंक देखने लायक बन जाती है।
इसके बाद अमिताभ बच्चन बताते हैं कि इस बार कौन बनेगा करोड़पति का सफर आसान नहीं होने वाला है। आमिर खान भी मुस्कुराते हुए चैलेंज स्वीकार करते है। बिग बी दोबारा सोचना पड़ेगा पर जोर देते है और आमिर भी उनकी बात से सहमति जताते हुए कहते है कि वाकई इस बार काफी सोचना पड़ेगा। प्रोमो में दोनों सितारों की यह बातचीत फैंस के बीच शो को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा रही है।
कौन बनेगा करोड़पति का 18वां सीजन सोमवार, 10 अगस्त से रात 9 बजे प्रसारित होने वाला है। अमिताभ बच्चन एक बार फिर शो की कमान संभालेंगे। दर्शक इसे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर देख सकेंगे। इस सीजन की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है।
वहीं, सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म बंटवारा 1947 को लेकर भी सुर्खियों में हैं। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके निर्माता आमिर खान हैं, जबकि निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म में प्रीति जिंटा, करण देओल, अभिमन्यु सिंह, अली फजल और शबाना आजमी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।