

Highlights
करीना कपूर ने फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' से सैफ अली खान और करिश्मा कपूर का पुराना डांस वीडियो शेयर किया।
वीडियो में सैफ और करिश्मा 'राधिका के डैडी जरा आना' गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
करीना ने मजेदार अंदाज में कहा कि सैफ अपनी होने वाली साली के साथ डांस कर रहे थे।
करीना ने सूरज बड़जात्या की फिल्मों की तारीफ करते हुए 'ये प्रेम मोल लिया' देखने की इच्छा जताई।
आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ स्टारर 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Kareena Kapoor Reaction On Saif Ali Khan Karisma Kapoor Dance: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। फिल्म की रिलीज से पहले करीना ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने फैंस को 90 के दशक की याद दिला दी है। दरअसल, करीना ने सूरज बड़जात्या की फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' का एक पुराना वीडियो शेयर किया है। इसमें सैफ अली खान और करिश्मा कपूर साथ में डांस करते नजर आ रहे हैं।
करीना कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जो क्लिप शेयर की है, उसमें सैफ अली खान और करिश्मा कपूर 'राधिका के डैडी जरा आना' गाने पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में सैफ ने विनोद और करिश्मा ने सपना का किरदार निभाया था। इस सीन में दोनों परिवार के सदस्यों की नकल करते हुए घर की नई बहू साधना से उनका परिचय करवाते हैं।
करीना कपूर ने इस वीडियो को शेयर करते लिखा कि आज सुबह उठते ही यह देखा। कौन जानता था कि सैफू अपनी होने वाली साली के साथ डांस कर रहे हैं। मुझे यह बहुत पसंद आया। मुझे सूरज जी की फिल्में भी बहुत पसंद हैं। करीना ने आगे बताया कि वह सूरज बड़जात्या की आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का इंतजार कर रही हैं और इसे सिनेमाघरों में देखने भी जाएंगी। उनका यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी 'हम साथ-साथ हैं' साल 1999 में रिलीज हुई थी। यह एक फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसमें रिश्तों, प्यार और पारिवारिक मूल्यों को खूबसूरती से दिखाया गया था। फिल्म में सैफ अली खान और करिश्मा कपूर के अलावा सलमान खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, नीलम कोठारी, आलोक नाथ, रीमा लागू और सतीश शाह जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म के गाने और कई सीन आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।
वहीं, सूरज बड़जात्या की अपकमिंग फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन और शाद रंधावा भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां शादी के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन के घर आकर उसके परिवार के साथ रहने लगता है।